रंगपंचमी पर अवैध शराब पकड़ी, ड्राई डे पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई
राजेश धाकड़
इंदौर। रंगपंचमी के अवसर पर घोषित ड्राई डे के दौरान अवैध रूप से शराब बेचने वालों के खिलाफ आबकारी विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक ऑटो से बड़ी मात्रा में देशी शराब जब्त की है।
कलेक्टर शिवम् वर्मा के आदेश एवं सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई कंट्रोलर देवेश चतुर्वेदी , डिप्टी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल तथा सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रीती चौबे और R C डावर के नेतृत्व में की गई।
जानकारी के अनुसार उप निरीक्षक सुनील कुमार मालवीय को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेडिसन स्क्वायर इंदौर पर एक ऑटो से अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। सूचना मिलते ही आबकारी वृत्त मालवा मिल-बी और छावनी की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर ऑटो क्रमांक MP09 AM 5866 को पकड़ लिया।
ऑटो में बैठे एक व्यक्ति की तलाशी लेने पर वाहन की डिक्की में दो गत्ते की पेटियां मिलीं। पेटियों की जांच करने पर उनमें 50 पाव देशी मदिरा मसाला और 50 पाव देशी मदिरा प्लेन भरी हुई पाई गई।
टीम ने मौके पर ही समस्त शराब और ऑटो को जब्त कर लिया। आरोपी रोहन पिता मुकेश बावरे निवासी इंदौर के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। जब्त की गई शराब और वाहन की कुल कीमत लगभग 1 लाख 9 हजार रुपये आंकी गई है।
इस कार्रवाई में आरक्षक निहाल सिंह बुंदेला, अरविंद शर्मा, विपुल खरे, भगवानदास बिरला, विकास मंडलोई और विजय सोलंकी का सराहनीय योगदान रहा। आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रखने की बात कही गई है।

