दो मामले में कुल 50 हजार रुपये से अधिक की अवैध मदिरा जब्त

  • Share on :

एक युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान के तहत आबकारी विभाग की प्रभावी कार्रवाई
इन्दौर । एक युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान के अंतर्गत इंदौर जिले में अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। यह कार्यवाही कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के आदेश एवं सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के निर्देशानुसार की गई।
                आबकारी विभाग के अमले द्वारा वृत्त-आंतरिक 2, महू ‘अ’ एवं महू ‘ब’ क्षेत्रों में होटल-ढाबों पर दबिश दी गई। कार्यवाही के दौरान ढाबा बल्ले-बल्ले, राजपूत ढाबा, द्वारका ढाबा, भगवती ढाबा एवं यूपी-बिहार ढाबा पर कुल 5 प्रकरण दर्ज किए गए। इन प्रकरणों में 110 पाव देशी मदिरा, 18 केन बीयर, 90 पाव विदेशी मदिरा एवं 12 बोतल विदेशी मदिरा सहित कुल 54 बल्क लीटर देशी एवं विदेशी मदिरा जप्त की गई, जिसका अनुमानित मूल्य लगभग 37 हजार 500 रुपये है।
शहरी क्षेत्र में एक अन्य कार्रवाई
               सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी ने बताया कि गत दिवस शहरी क्षेत्र वृत्त-बंबई बाजार एवं वृत्त-बलदा कॉलोनी क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रभारी उपनिरीक्षक सुश्री मीरा सिंह एवं उनकी टीम द्वारा पिपल्या पाला एवं राजीव गांधी क्षेत्र स्थित काका की महफ़िल ढ़ाबा, यश ढाबा एवं वीर जी का ढाबा पर अवैध मदिरा विक्रय विरुद्ध कार्यवाही करते हुए कुल 6 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। इनमें मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 36(ए) के 3 एवं धारा 36(बी) के 3 प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिए गए।
               कार्रवाई के दौरान लगभग 8.2 बल्क लीटर स्प्रिट एवं 2.1 बल्क लीटर माल्ट मदिरा जप्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 12 हजार 800 रुपये है। आबकारी विभाग द्वारा बताया कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय एवं परोसने के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper