जनसुनवाई में प्राप्त शिकायत पर की गई त्वरित कार्रवाई, अतिक्रमण हटाकर रास्ता किया गया सुगम

  • Share on :

इन्दौर। इंदौर के ग्राम अम्बामोलिया निवासी एक व्यक्ति द्वारा जनसुनवाई में की गई शिकायत पर कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशन में जिला प्रशासन के अमले ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाकर रास्ते को सुगम बनाया। ज्ञात रहे कि कल मंगलवार को सम्पन्न हुई जनसुनवाई में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा को उमेश गंगोलिया निवासी ग्राम अम्बामोलिया तहसील खुड़ैल ने रास्ता पर अतिक्रमण संबंधी शिकायत की थी।

                शिकायतकर्ता द्वारा बताया गया कि उनके घर के पास 9 फीट का नाला है, उसके सामने 13 फीट रोड है। नाले में गंदगी एवं कचरा के कारण हमारे स्वास्थ पर दुष्‍प्रभाव पड़ रहा है। मुझ प्रार्थी की शादी भी है, जिसमें कई मेहमान एवं बच्चे आएंगे किसी प्रकार की कोई दुर्घटना ना हो इसलिए आवेदन दे रहा हूं।

          कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देश पर एसडीएम श्रीमती प्रियंका चौरसिया ने जाँच करायी। जाँच के दौरान पाया गया कि शिकायतकर्ता उमेश गंगोलिया का आबादी भूमि में स्थित उनके मकान के उत्तर एवं दक्षिण दिशा में रास्ता है। इनके मकान के उत्तर दिशा में नाला 9 फीट का है, जिसमें बारिश में गांव का एवं खेतों का पानी बहकर गांव की आशामती नदी में जाता है।

                उक्त नाले पर शिकायतकर्ता द्वारा ही अतिक्रमण किया जाना पाया गया। शिकायतकर्ता का नाले पर 3 बाय 30 फीट का अतिक्रमण पाया गया, जिसे आज हटाया गया। इसके साथ ही नाले के आसपास स्थित अन्य 12 लोगों का भी अतिक्रमण पाया गया जिसे हटाया गया। मौके पर अतिक्रमण हटाया जाकर अस्थाई रूप से रास्ता चालू करवाया गया एवं ग्राम पंचायत को पक्का नाला निर्माण हेतु निर्देशित किया गया।

                इस कार्रवाई की ग्रामीणों ने सराहना की है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर आयोजित जनसुनवाई का सकारात्मक परिणाम इस कार्रवाई को बताया। उन्होंने कहा कि इस त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper