खबर का असर: बुरहानपुर के बिजोरी में 7 लाख की लागत से बने सीसी रोड की शुरू हुई मरम्मत, ग्रामीणों ने की गुणवत्ता की जांच की मांग

  • Share on :

महेन्द्र मालवीय रणजीत टाईम्स
गत सप्ताह हमारे समाचार पत्र में खकनार ब्लॉक की ग्राम पंचायत बिजोरी में विकास कार्यों को लेकर "खकनार के बिजोरी में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा 7 लाख का सीसी रोड: 6 महीने में ही उखड़ी गिट्टियां, लीपापोती की तैयारी में जिम्मेदार" शीर्षक से एक प्रमुख खबर प्रकाशित की गई थी। इस खबर का असर अब मैदानी स्तर पर देखने को मिला है, जिसके बाद पंचायती राज विभाग के अधिकारियों ने सुध लेते हुए जर्जर हो चुके सीसी रोड की मरम्मत का कार्य शुरू करवा दिया है। 

समाचार प्रकाशन के बाद हरकत में आया प्रशासन
खबर प्रकाशित होने और ग्रामीणों की लगातार शिकायतों के तूल पकड़ने के बाद, प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद ट्यूबवेल से नदी की ओर जाने वाले उस मार्ग पर सुधार कार्य शुरू किया गया, जो निर्माण के महज छह महीने के भीतर ही जर्जर हो गया था। 

ग्रामीणों की मांग: केवल लीपापोती नहीं, हो निष्पक्ष तकनीकी जांच
प्रशासन द्वारा रोड की मरम्मत का कार्य शुरू किए जाने के बाद भी स्थानीय ग्रामीणों और जागरूक नागरिकों में पूरी तरह संतोष नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि महज ऊपरी तौर पर सुधार कार्य करने से पुराने भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने की कोशिश की जा रही है। नागरिकों ने मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि सरकारी राशि का सदुपयोग हो, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न दोहराई जाए। 

दो पंचायतों के प्रभार से बढ़ी लापरवाही की आशंका, सचिव की कार्यशैली पर उठे सवाल
ग्राम पंचायत सचिव के पास एक से अधिक पंचायतों का प्रभार होने के कारण विकास कार्यों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिससे उनकी कार्यशैली पर सवाल उठना लाजिमी है। स्थानीय स्तर पर मिल रहे सूत्रों के अनुसार, सचिव के पास मौजूद अतिरिक्त प्रभार वाली पंचायत में भी विकास कार्यों में भारी अनियमितताएं होने की गहरी आशंका जताई जा रही है, जिसकी उच्च स्तरीय जांच किए जाने की मांग लगातार जोर पकड़ रही है। 

अगले अंक में जारी रहेगा जनहित का यह अभियान
ग्राम पंचायत बिजोरी में अन्य विकास कार्यों और निर्माण कार्यों को लेकर भी ग्रामीणों द्वारा सवाल उठाए जा रहे हैं। जनहित और पारदर्शिता को सर्वोपरि रखते हुए, ग्राम पंचायत बिजोरी के अन्य हिस्सों में चल रहे ऐसे ही संदेहास्पद विकास कार्यों की जमीनी हकीकत अगले अंक में फिर प्रमुखता से उजागर की जाएगी, ताकि शासन-प्रशासन के संज्ञान में लाकर जनता के हितों की रक्षा की जा सके। 

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper