बुरहानपुर कलेक्टर श्री विवेक कुमार की संवेदनशील पहल: जनसुनवाई में सुनी आमजन की समस्याएं, दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

  • Share on :

महेन्द्र मालवीय रणजीत टाईम्स
शासन के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। नवागत कलेक्टर श्री विवेक कुमार ने पहली बार जनसुनवाई लेते हुए नागरिकों की समस्याओं को अत्यंत गंभीरता से सुना और अधिकारियों को समयबद्ध व पारदर्शी निराकरण के कड़े निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर की मानवीय संवेदनशीलता, आत्मीय संवाद और त्वरित समाधान की पहल ने आमजन का प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत किया।


"समाधान न हो तो सीधे मुझे कॉल करें" — कलेक्टर का भरोसा
जनसुनवाई के दौरान आवेदक दयाशंकर और उनकी पत्नी अपनी समस्या लेकर कलेक्टर के समक्ष पहुंचे। कलेक्टर विवेक कुमार ने उनकी पीड़ा को संवेदनशीलता के साथ सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी शिकायत का शत-प्रतिशत निराकरण किया जाएगा। इतना ही नहीं, कलेक्टर ने आवेदक को अपना व्यक्तिगत मोबाइल नंबर देते हुए यहां तक कहा कि यदि समय पर समस्या का समाधान न हो, तो वे सीधे उनके पर्सनल नंबर पर कॉल कर सकते हैं। कलेक्टर का यह आत्मीय कदम आमजन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को स्पष्ट करता है।

आवेदिका को पास बैठाकर सुनी आवास की समस्या
मानवीय संवेदनाओं का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कलेक्टर श्री विवेक कुमार ने जनसुनवाई में पहुंची आवेदिका रुखडीबाई को अपने पास कुर्सी पर बैठाया। उन्होंने पूरी आत्मीयता और धैर्य के साथ उनकी आवास संबंधी समस्या को सुना तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित और सकारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। प्रशासनिक मुखिया द्वारा इस प्रकार आत्मीयता से बात करने से आवेदिका को बड़ी राहत महसूस हुई।

रजिस्ट्रेशन काउंटर पर पहुंचे कलेक्टर, दिव्यांगजन से की चर्चा
कलेक्टर श्री कुमार ने जनसुनवाई की व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देते हुए पंजीयन काउंटर का भी औचक निरीक्षण किया। वहां चल रही प्रक्रियाओं का जायजा लेने के दौरान उनकी नजर एक दिव्यांग आवेदक पर पड़ी। उन्होंने स्वयं आगे बढ़कर दिव्यांग आवेदक से चर्चा की, उनकी पारिवारिक स्थिति व समस्याओं की जानकारी ली तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों को विशेष प्राथमिकता के साथ उनकी समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।

लगभग 105 आवेदनों पर हुई सुनवाई, मैदानी अमले को दिए निर्देश
आज की जनसुनवाई में विभिन्न ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से आए लगभग 105 आवेदनों पर सुनवाई की गई। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का पात्रता के आधार पर नियमानुसार त्वरित निराकरण किया जाए।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper