सहजयोग में निर्विचार समाधि का महत्व
सहजयोग में निर्विचार समाधि (Thoughtless Awareness) को आत्मसाक्षात्कार के बाद प्राप्त होने वाली एक अत्यंत महत्वपूर्ण आध्यात्मिक अवस्था माना जाता है। यह वह स्थिति है जिसमें साधक विचारों के निरंतर प्रवाह से ऊपर उठकर शुद्ध चेतना और वर्तमान क्षण की जागरूकता में स्थापित हो जाता है। इस अवस्था में मन शांत हो जाता है, किन्तु व्यक्ति पूर्णतः सजग और सचेत रहता है।
परम पूज्य श्री माताजी निर्मला देवी ने निर्विचार समाधि के विषय में कहा है कि,
“विचारों के लुप्त होने का अर्थ है, आप स्वयं में ही विलीन हो गए। यही वास्तविकता है, परन्तु आप जागरूक भी हैं।”( 20/10/1996 ) अर्थात् निर्विचारता कोई अचेतन अवस्था नहीं है, बल्कि यह जागृत चेतना की सर्वोच्च अवस्था है जहाँ साधक वास्तविकता का प्रत्यक्ष अनुभव करता है। श्री माताजी ने यह भी कहा है कि, “साधक में निर्विचार स्थिति प्राप्त होना उन्नति की पहली सीढ़ी है।”( 27/9/1997 )
सहजयोग के अनुसार जब कुण्डलिनी शक्ति आज्ञा चक्र को पार कर सूक्ष्म क्षेत्र में प्रवेश करती है, तब निर्विचारता स्थापित होने लगती है। यह अवस्था साधक के भीतर शांति, संतुलन और आध्यात्मिक शक्ति का विकास करती है। श्री माताजी के शब्दों में-
“निर्विचार समाधि आपको शान्ति प्रदान करती है और आपकी आध्यात्मिक शक्ति बढ़ती जाती है।”
निर्विचारता में रहने से व्यक्ति के भीतर एक गहरा आंतरिक परिवर्तन आता है। समस्याओं के समाधान सहज रूप से प्राप्त होने लगते हैं, मानसिक तनाव कम हो जाता है और दिव्य शक्ति का मार्गदर्शन जीवन में स्पष्ट रूप से अनुभव होने लगता है। इस प्रकार निर्विचार समाधि सहजयोग की साधना का मूल आधार और आत्मिक उत्कर्ष का द्वार है।
सहजयोग केवल ध्यान की एक पद्धति नहीं है, बल्कि यह जीवन को संतुलित, शांत और आनंदमय बनाने का एक समग्र मार्ग है। नियमित सहजयोग ध्यान से व्यक्ति के भीतर आत्मविश्वास, करुणा और संतोष का विकास होता है जिससे शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य में सुधार होता है। परम पूज्य श्री माताजी ने सिखाया कि सहजयोग का उद्देश्य केवल व्यक्तिगत कल्याण नहीं, बल्कि मानवता के सामूहिक उत्थान और विश्व शांति की स्थापना भी है। नियमित ध्यान के माध्यम से साधक अपने भीतर की दिव्य शक्ति से जुड़कर अधिक संतुलित, आनंदित और सार्थक जीवन जीने लगता है।
सहजयोग ध्यान केंद्र की जानकारी टोल फ्री नंबर 1800 2700 800 अथवा वेबसाइट www.sahajayoga.org.in से प्राप्त कर सकते हैं । सहजयोग पूर्णतया निशुल्क है।

