इंदौर की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप आगामी सभी त्यौहार आपसी सद्भाव, शांति एवं सौहार्द के साथ मनाए जाएंगे

  • Share on :

कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक सम्पन्न
कानून-व्यवस्था एवं प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा
इन्दौर । इंदौर जिले में आगामी सभी त्यौहार शहर की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप आपसी सद्भाव, शांति एवं सौहार्द के साथ मनाए जाएंगे तथा हर हाल में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखी जाएगी। यह निर्णय आज कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई शांति समिति की बैठक में लिया गया। बैठक में अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर श्री अमित सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल, एसपी ग्रामीण श्रीमती यांगचैन भूटिया, एडीएम श्री रोशन राय मौजूद थे। बैठक में पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।
                कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि इंदौर की पहचान भाईचारे, अनुशासन और सामंजस्यपूर्ण वातावरण के लिए रही है। सभी समुदायों के सहयोग से इस परंपरा को और सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि त्यौहारों के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए, आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती की जाए तथा यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों का निर्धारण किया जाए। नगर निगम को साफ-सफाई, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
                पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया पर विशेष मॉनिटरिंग की जाएगी तथा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग हेतु निर्धारित समय-सीमा एवं दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
                बैठक में उपस्थित सभी समुदायों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा त्यौहारों को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का संकल्प व्यक्त किया।
                कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि इंदौरवासियों की जागरूकता और आपसी विश्वास ही शहर की सबसे बड़ी ताकत है। सभी नागरिक मिल-जुलकर त्यौहार मनाएं और किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए त्यौहारों के दौरान प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे, ताकि इंदौर में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था की परंपरा अक्षुण्ण बनी रहे।

सभी विभागों के समन्वय से ठोस रणनीति
                बैठक में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री शिवम वर्मा ने सभी सदस्यों के साथ विस्तार से चर्चा की। बैठक में यह तय किया गया कि सभी त्योहारों के दौरान शहर में सौहार्दपूर्ण वातावरण, शांति एवं कानून व्यवस्था हर हाल में बनी रहे। कलेक्टर श्री वर्मा ने बताया कि यह समय लगातार आने वाले पर्वों का है। शहर में उत्साह के साथ-साथ संवेदनशीलता बनाए रखने की आवश्यकता है। सभी विभागों के समन्वय से ठोस रणनीति तैयार की गई है, जिससे प्रत्येक पर्व शांति और उल्लास के साथ संपन्न हो सके।

आगामी त्योहारों के दौरान विशेष व्यवस्था
                बैठक में बताया गया कि कल 15 फरवरी को महाशिवरात्रि का पावन पर्व मनाया जाएगा। शहर के सभी शिवालयों एवं मंदिरों में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। भीड़ प्रबंधन, पार्किंग, विद्युत व्यवस्था और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है।
                होली एवं रंगपंचमी को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। रंगपंचमी के जुलूस मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। नागरिकों से आग्रह किया गया है कि होलिका दहन सुरक्षित स्थानों पर ही करें। सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। केमिकल रंगों की बजाय  वे प्राकृतिक रंगों का ही उपयोग करें। प्राकृतिक रंगों के विक्रय की विशेष व्यवस्था वन विभाग के माध्यम से की जाएगी।
                रमज़ान माह के दौरान मस्जिदों एवं बाजार क्षेत्रों में व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

निर्बाध बिजली और साफ-सफाई के पर्याप्त इंतजाम
               बैठक में नगर निगम, एमपीईबी सहित अन्य विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए । त्योहारों के दौरान बिजली, साफ-सफाई, पेयजल एवं यातायात व्यवस्था सुचारू रहे।  इसके लिए निरंतर मॉनिटरिंग की जाएगी।

मिलावटखोरों पर सख्ती- टोल फ्री नंबर जारी
                कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने बताया कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने को देखते हुए फूड सेफ्टी टीम पूरी तरह सक्रिय रहेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशन में मिलावटखोरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। किसी भी प्रकार की खाद्य मिलावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मिलावटखोरी की सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वह मिलावट संबंधी जानकारी हेल्पलाइन नंबर पर जरूर देंवे, जिससे कि तुरंत कार्रवाई की जा सके। सूचना देने के लिए टोल फ्री नंबर 0731 181 तथा 07552840621 है।

सुरक्षा के माकूल प्रबंध
               बैठक में अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर श्री अमित सिंह ने त्योहारों के दौरान की जाने वाली सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हर हाल में शांति एवं कानून व्यवस्था कायम रखी जाएगी। शांति एवं कानून व्यवस्था बिगड़ने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि त्योहारों के संबंध में सभी थाना क्षेत्र में शांति समिति की बैठक भी आयोजित की जाएगी।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper