भारत ने जिम्बाब्वे को 35 रनों से हराया: 3-0 से किया क्लीन स्वीप, श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पहली T20 सीरीज जीत

  • Share on :

हरारे। भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे को तीसरे टी20 मैच में 35 रनों से हराया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 192 रन बनाए। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 157 रन ही बना सकी। भारत ने इस तरह जिम्बाब्वे को 3-0 से क्लीन स्वीप किया। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत की यह पहली टी20 सीरीज जीत है। इससे पहले टीम इंडिया को उनकी कप्तानी में आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम को धीमी पिच पर बेहद संयमित बल्लेबाजी की जरूरत थी, लेकिन उसके बल्लेबाज ऐसा नहीं कर सके। पिछले मैचों की तरह इस मुकाबले में भी जिम्बाब्वे ने शुरुआती ओवरों में कई विकेट गंवा दिए और पावरप्ले का फायदा उठाने में नाकाम रही। तेज गेंदबाज यश ठाकुर ने चौथे ओवर में लगातार दो गेंदों पर डियोन मायर्स और कप्तान सिकंदर रजा को आउट कर मेजबान टीम का स्कोर तीन विकेट पर 34 रन कर दिया। हालांकि भारतीय खिलाड़ियों ने खराब फील्डिंग करते हुए चार कैच छोड़े और कुछ बाउंड्री भी दीं। बर्ल ने भरोसेमंद पारी खेली और पांचवें विकेट के लिए वेस्ले माधेवेरे के साथ 60 रन की अच्छी साझेदारी की। जिम्बाब्वे के खिलाड़ियों ने मैदान के चारों ओर कुछ जोरदार शॉट खेले, लेकिन शुरुआती नुकसान की भरपाई करना मुश्किल था।
लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी अच्छी नहीं रही, लेकिन रेयान बर्ल ने दमदार प्रदर्शन किया और अर्धशतक लगाया। हालांकि, उनका अर्धशतक भी टीम को जीत नहीं दिला सका। बर्ल 43 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 54 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, वेस्ले माधेवेरे ने 28 और बेन करन ने 20 रन बनाए। भारत की ओर से मयंक यादव ने तीन विकेट लिए, जबकि यश ठाकुर को दो सफलता मिली। अशोक शर्मा और रवि बिश्नोई ने एक-एक विकेट लिया।
इससे पहले, भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। सूर्यवंशी ने धीमी शुरुआत करते हुए पहली 10 गेंदों पर सिर्फ 11 रन बनाए। फिर अगली 10 गेंदों पर 15 रन और आखिरकार उन्होंने 31 गेंद में अपना दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक पूरा किया। उम्मीद के अनुरूप सूर्यवंशी की पारी में कुछ शानदार शॉट्स भी देखने को मिले। दूसरी ओर उनके सलामी जोड़ीदार अभिषेक शर्मा लगातार छठी बार खराब स्कोर पर आउट हो गए। लेकिन सूर्यवंशी ने काफी परिपक्वता दिखाई और दूसरे विकेट के लिए ईशान किशन (29) के साथ 75 रन की साझेदारी की। उसके बाद उन्होंने अगले विकेट के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर (27) के साथ 50 रन की साझेदारी की। हालांकि सूर्यवंशी शतक के करीब पहुंचकर आउट हो गए।
भारत की पारी में ईशान किशन ने 29, कप्तान श्रेयस अय्यर ने 27 और रिंकू सिंह ने 25 रनों का योगदान दिया। वहीं, तिलक वर्मा 11 रन बनाकर नाबाद रहे। जिम्बाब्वे के लिए ब्रैड इवांस ने दो विकेट लिए, जबकि सिकंदर रजा, ब्लेसिंग मुजरबानी और वेस्ले माधेवेरे ने एक-एक विकेट लिए। 
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper