हैमिल्टन में बारिश ने बिगाड़ा खेल: रद्द हुआ भारत-न्यूजीलैंड तीसरा वनडे, सीरीज में 2-0 से आगे है टीम इंडिया

  • Share on :

हैमिल्टन। भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा वनडे बारिश के कारण रद्द करना पड़ा। हैमिल्टन में मंगलवार को लगातार बारिश हो रही थी जिस कारण बिना एक भी गेंद फेंके मैच को रद्द करना पड़ा। पहले टॉस दो घंटे से भी ज्यादा देरी से हुआ जिसमें भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया। टॉस से पहले ही ओवरों की कटौती कर दी गई और मैच 40-40 ओवर का कराने का फैसला किया गया। हालांकि, टॉस के तुरंत बाद बारिश आ गई जिससे मैच शुरू नहीं हो सका।
शुरुआत में बारिश हल्की लग रही थी, लेकिन बीच-बीच में तेज हो रही थी। लगातार बारिश के कारण पिच को कवर्स से ढकना पड़ा और अंपायरों ने दो-तीन बार मैदान का निरीक्षण भी किया। लेकिन रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण मैच शुरू ही नहीं हो सका। कटऑफ टाइम में अभी समय था, लेकिन हैमिल्टन में पूरे दिन बारिश का पूर्वानुमान था, लिहाजा इसे रद्द घोषित करना पड़ा। शुरुआत से ही हैमिल्टन में बारिश का पूर्वानुमान जताया गया था।  भारत पांच मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 से आगे है। भारत के पास इस मैच को जीतकर वनडे सीरीज अपने नाम करने का सुनहरा अवसर था, लेकिन टीम इंडिया का इंतजार बढ़ गया। सीरीज का चौथा मुकाबला शुक्रवार को माउंट मौंगानुई में खेला जाएगा। 
हैमिल्टन में भारी संख्या में दर्शक मौजूद थे। बारिश का पूर्वानुमान था, इसके बावजूद क्रिकेट फैंस को उम्मीद थी कि शायद उन्हें मैच देखने मिला। कई दर्शक रोहित शर्मा और विराट कोहली को खेलता हुआ देखने के लिए उत्सुक थे। हालांकि, उन्हें निराशा मिली। कोहली इस वक्त शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। हालांकि, पिछले मैच में वह सस्ते में आउट हो गए थे। वहीं, रोहित भी न्यूजीलैंड में एक बड़ी पारी खेलने का इंतजार कर रहे हैं। 
इससे पहले, भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने तीसरे वनडे में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था। गिल ने बताया था कि भारत ने अपनी प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। न्यूजीलैंड ने हालांकि, एकादश में एक बदलाव किया था और मैथ्यू फिशर को मौका दिया था। बारिश के कारण टॉस दो घंटे से अधिक समय की देरी से हुआ था।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper