करारिया चौराहा पुलिस ने महिला की हत्या का किया खुलासा, पति आरोपी गिरफ्तार
धर्मेन्द्र गुप्ता की रिपोर्ट
विदिशा। मृत्यु के बाद बिना सूचना दिए अंतिम संस्कार करने से हुआ संदेह, मर्ग जांच में सामने आया हत्या का मामला पुलिस अधीक्षक विदिशा श्री रोहित काशवानी के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना करारिया चौराहा पुलिस द्वारा महिला की संदिग्ध मृत्यु के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या का खुलासा कर आरोपी पति को गिरफ्तार किया गया है। 31 अक्टूबर 2026 को चौकी कागपुर में जनपद सदस्य प्रतिनिधि सुनील खटीक द्वारा सूचना दी गई कि ग्राम कागपुर निवासी नीलम बेड़नी पति नर्मदाप्रसाद उर्फ नब्बा अहिरवार उम्र 40 वर्ष की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई है। सूचना में बताया गया कि महिला की मृत्यु के बाद उसके पति द्वारा पुलिस, ग्राम चौकीदार एवं परिजनों को बिना सूचना दिए अंतिम संस्कार कर दिया गया।जानकारी के अनुसार, मृतिका को 30 अक्टूबर की रात लगभग 11 बजे तक गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में स्वस्थ देखा गया था। वहीं, उसके पति द्वारा बताया गया कि मोटरसाइकिल के टर्निंग पर गिरने से सिर में चोट लगने के कारण उसकी मृत्यु हुई। ग्रामीणों द्वारा पति-पत्नी के बीच विवाद होने की जानकारी भी दी गई। परिस्थितियां संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस द्वारा मर्ग क्रमांक 57/26 धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच प्रारंभ की गई।
मर्ग जांच के दौरान सूचनाकर्ता सहित घटनास्थल के आसपास रहने वाले व्यक्तियों एवं अन्य साक्षियों के कथन दर्ज किए गए। साथ ही फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर भौतिक साक्ष्य एकत्रित किए गए। जांच में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर थाना करारिया चौराहा में अपराध क्रमांक 308/26 धारा 103(1), 238(a) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम द्वारा भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार तलाश एवं पतारसी की गई। पुलिस के सतत प्रयासों के फलस्वरूप दिनांक 08 नवंबर 2026 को आरोपी नव्वा उर्फ नर्मदा अहिरवार पिता तोरन सिंह उम्र 45 वर्ष निवासी ग्राम कागपुर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सीमा राय, सउनि बी.एस. परमार, प्रधान आरक्षक कृष्णानंद राय, अजय गर्ग, सुमित सराठे, अमित मिश्रा तथा आरक्षक पंकज त्यागी, रामसरन यादव एवं मनोज शाक्य की भूमिका रही।

