दीपों की रोशनी से जगमगाया ग्राम खार कलां, हर्षोल्लास के साथ मनाई दीपावली
सवादता:- पुनीत सेन
खंडवा। जिले के ग्राम खार कलां में दीपावली का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। दीपों की रोशनी, आकर्षक विद्युत सजावट और रंग-बिरंगी रंगोलियों से पूरा गांव जगमगा उठा। दीपावली के अवसर पर गांव के प्रत्येक घर में दीपक जलाए गए, जिससे पूरा गांव उत्सव के रंग में सराबोर नजर आया।
शुभ मुहूर्त के अनुसार ग्रामीणों ने शाम 6 बजे से 7:30 बजे तक मां लक्ष्मी एवं भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद बच्चों और युवाओं ने आतिशबाजी कर दीपावली की खुशियां मनाईं। गांव की गलियों में पटाखों की गूंज सुनाई देती रही और आसमान रंग-बिरंगी आतिशबाजी से जगमगा उठा।
दीपावली के अवसर पर ग्राम स्थित खाटू श्याम मंदिर में विशेष सजावट की गई। पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत रोशनी से सजाया गया, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं बाजार में मिठाई और फूल-मालाओं की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। हालांकि पिछले वर्ष की तुलना में बाजार में भीड़ कुछ कम देखने को मिली, लेकिन पर्व को लेकर उत्साह और रौनक बरकरार रही।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने एक-दूसरे के घर पहुंचकर मिठाइयों और उपहारों का आदान-प्रदान किया तथा दीपावली की शुभकामनाएं दीं। हर घर के बाहर आकर्षक रंगोलियां सजाई गई थीं। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पूरा गांव किसी भव्य उत्सव के लिए दुल्हन की तरह सजा हो।
गांव के बुजुर्गों ने पुरानी दीपावली की यादें साझा करते हुए बताया कि पहले के समय में विद्युत सजावट का चलन कम था। लोग मिट्टी के दीपक जलाकर ही घरों को रोशन करते थे। उनका मानना है कि पारंपरिक दीपों की रोशनी की सुंदरता आज की आधुनिक लाइटिंग से भी अलग और मनमोहक होती थी।
वहीं नई पीढ़ी के युवाओं ने आधुनिक तकनीक से बने पटाखों और आतिशबाजी का आनंद लिया। इस दौरान गांव के कुछ जागरूक युवाओं ने स्वच्छता और सुरक्षा का संदेश भी दिया। युवाओं ने ग्रामीणों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, कचरा कम फैलाने और आतिशबाजी के दौरान सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की। ग्रामीणों ने भी युवाओं की इस पहल का समर्थन किया।
इस सराहनीय पहल में राम यादववंशी, करण जायसवाल, पीयूष यादववंशी, विकास मालवीय और भोला जाठाप सहित अन्य युवाओं की सहभागिता रही। कुल मिलाकर ग्राम खार कलां में दीपावली का पर्व परंपरा, आधुनिकता, आपसी भाईचारे और खुशियों के संग उत्साहपूर्वक मनाया गया।

