टी20 वर्ल्ड कप में भारत का विजयी आगाज़: पाकिस्तान को 64 रन से रौंदा, स्मृति मंधाना और दीप्ति शर्मा चमकीं

  • Share on :

बर्मिंघम। स्मृति मंधाना की तूफानी बल्लेबाजी और दीप्ति शर्मा-श्री चरणी की घातक गेंदबाजी के दम पर भारतीय महिला टीम ने महिला टी20 विश्व कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में पाकिस्तान को 64 रन से करारी शिकस्त दी। रविवार को बर्मिंघम में खेले गए ग्रुप-1 मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके, जबकि श्री चरणी ने तीन विकेट अपने नाम किए। वहीं, शेफाली वर्मा को एक सफलता मिली। भारत ने इस जीत के साथ टूर्नामेंट में विजयी आगाज किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को तेज शुरुआत मिली। शेफाली वर्मा ने पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा, लेकिन वह छह रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्स भी सिर्फ एक रन बनाकर पवेलियन लौट गईं और भारत ने 18 रन तक दो विकेट गंवा दिए। शुरुआती झटकों के बाद स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 91 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। मंधाना ने 44 गेंदों पर 68 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें नौ चौके और दो छक्के शामिल रहे। वहीं हरमनप्रीत ने 35 गेंदों पर 36 रन बनाए।
मंधाना के आउट होने के बाद भारती फुलमाली भी जल्दी पवेलियन लौट गईं, लेकिन अंतिम ओवरों में ऋचा घोष और दीप्ति शर्मा ने तेजी से रन बटोरते हुए स्कोर को 170 तक पहुंचाया। ऋचा घोष ने मात्र 17 गेंदों पर 34 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल था। दीप्ति शर्मा नौ गेंदों पर 12 रन बनाकर नाबाद रहीं। पाकिस्तान की ओर से सादिया इकबाल और फातिमा सना ने दो-दो विकेट लिए।
171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही। भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट निकालकर मैच पर पूरी तरह पकड़ बना ली। पाकिस्तान की ओर से सिर्फ मुनीबा अली ही संघर्ष कर सकीं। उन्होंने 35 गेंदों पर 41 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई खास सहयोग नहीं मिला। पूरी पाकिस्तानी टीम 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई।
भारतीय गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा ने करियर की यादगार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में सिर्फ 10 रन देकर पांच विकेट झटके। उनके अलावा श्री चरणी ने चार ओवर में 21 रन देकर तीन विकेट लिए। शेफाली वर्मा को भी एक सफलता मिली। दीप्ति की घातक गेंदबाजी ने पाकिस्तान की वापसी की सारी उम्मीदें खत्म कर दीं।
भारत का 170/6 का स्कोर महिला टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ उसका अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। यह विश्व कप इतिहास में भारतीय महिला टीम का तीसरा सर्वोच्च स्कोर भी है। भारत इससे पहले 2018 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 194/5 और 2024 में श्रीलंका के खिलाफ 172/3 का स्कोर बना चुका है।
इस मुकाबले में कप्तान हरमनप्रीत कौर ने महिला टी20 विश्व कप इतिहास में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बनने का गौरव हासिल किया। हरमनप्रीत ने 36 रन की पारी के दौरान अपना कुल रन आंकड़ा 762 तक पहुंचाया और पूर्व कप्तान मिताली राज (726 रन) को पीछे छोड़ दिया। भारतीय खिलाड़ियों में टी20 विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में अब हरमनप्रीत पहले, मिताली दूसरे और स्मृति मंधाना तीसरे स्थान पर हैं।
मुकाबले से पहले टॉस के समय भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर और पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना ने एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया। लगातार दूसरे आईसीसी टूर्नामेंट में दोनों टीमों की महिला कप्तानों के बीच ऐसा देखने को मिला। हालांकि, हरमनप्रीत ने मैच से पहले साफ कहा था कि उनका पूरा ध्यान केवल क्रिकेट पर है और टीम पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले दबाव को सकारात्मक तरीके से लेने पर फोकस कर रही है।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper