जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम का एलान: श्रेयस अय्यर कप्तान, संजू सैमसन बाहर; रिंकू सिंह की वापसी
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का एलान कर दिया है। टीम की कमान श्रेयस अय्यर के ही हाथ में है। दिलचस्प बात यह है कि इस टीम में संजू सैमसन को मौका नहीं मिला है। वहीं, युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी टीम में शामिल हैं। दोनों टीमों के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज 23 जुलाई से खेली जाएगी।
भारत का जिम्बाब्वे दौरे का कार्यक्रम
दिन मैच जगह
23 जुलाई (गुरुवार) पहला टी20 हरारे
25 जुलाई (शनिवार) दूसरा टी20 हरारे
26 जुलाई (रविवार) तीसरा टी20 हरारे
वैभव सूर्यवंशी ने बरकरार रखी जगह
जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज के लिए भारतीय टीम में युवा खिलाड़ियों को मौका दिया गया है। वहीं, वैभव सूर्यवंशी आयरलैंड और इंग्लैंड के बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज के लिए भी टीम में जगह बनाने में सफल रहे हैं। पंजाब किंग्स के सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह को भी इस सीरीज के लिए चुना गया है, जबकि तिलक वर्मा उपकप्तान बने रहेंगे। वहीं, ईशान किशन, रिंकू सिंह और शिवम दुबे का नाम भी टीम में है।
जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए कई खिलाड़ियों को आराम दिया गया है। वहीं, विस्फोटक बल्लेबाज रिंकू सिंह की टीम में वापसी हुई है। रिंकू सिंह टी20 विश्व कप 2026 की टीम में शामिल थे, लेकिन उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए मौका नहीं मिला था। अब रिंकू जिम्बाब्वे दौरे पर जाएंगे। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और प्रसिद्ध कृष्णा को आराम दिया गया है। इनकी जगह प्रिंस यादव, अशोक शर्मा और मयंक यादव को मौका मिला है। इतना ही नहीं, अक्षर पटेल भी जिम्बाब्वे दौरे पर नहीं जाएंगे। सूर्यांश शेडगे, हर्ष दुबे और वरुण चक्रवर्ती को टीम में जगह मिली है।
बीसीसीआई की चयन समिति ने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भी टीम में बदलाव किया है। चोटिल नीतीश कुमार रेड्डी की जगह ऑलराउंडर शिवम दुबे को टीम में शामिल किया गया है। नीतीश कुछ समय से चोट के कारण भारतीय टीम से बाहर हैं और उम्मीद की जा रही थी कि वह इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलते नजर आएंगे। लेकिन वह समय से फिट नहीं हो सके जिस कारण उन्हें सीरीज से बाहर करना पड़ा है।
जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारत की टी20 टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उपकप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर)।
इंग्लैंड के खिलाफ भारत की संशोधित वनडे टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बरार और शिवम दुबे।
अमर उजाला

