भारत ने गॉल टेस्ट में श्रीलंका को 165 रन से रौंदा, दो मैचों की सीरीज में बनाई 1-0 की बढ़त

  • Share on :

गॉल। भारत ने गॉल में खेले गए पहले टेस्ट में 165 रन से जीत हासिल की है। यह भारत का 600वां टेस्ट था और शुभमन गिल की टीम ने इसमें जीत हासिल की। जीत के लिए मिले 372 रन के लक्ष्य के जवाब में श्रीलंका की दूसरी पारी 206 रन पर सिमट गई। मानव सुथार ने छह विकेट लिए। इस जीत के साथ टीम इंडिया दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 से आगे हो गई है। सीरीज का दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा।
गॉल में दोनों टीमें टेस्ट में छह बार आमने-सामने आई हैं। इसमें से सभी छह मैचों के जीत या हार में नतीजे निकले हैं, यानी कोई टेस्ट ड्रॉ नहीं हुआ। भारत और श्रीलंका के बीच यहां छह टेस्ट खेले गए और भारत ने तीन मैच जीते हैं और तीन गंवाए हैं। भारतीय टीम गॉल में इस टेस्ट से पहले श्रीलंका से पिछली बार जुलाई 2017 में भिड़ी थी। तब टीम इंडिया ने 304 रन से जीत हासिल की थी। यानी गॉल में भारत ने लगातार दूसरा टेस्ट जीता। 2014 के बाद से गॉल में खेले गए 28 टेस्ट मैचों में केवल एक ही मुकाबला ड्रॉ पर खत्म हुआ है, वह भी पिछले साल बांग्लादेश के खिलाफ खेला गया बारिश से प्रभावित टेस्ट था। यानी अन्य 27 टेस्ट के नतीजे हार-जीत में निकले हैं।
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में 462 रन बनाए थे। जवाब में श्रीलंका की पहली पारी 284 रन पर सिमट गई थी। टीम इंडिया को दूसरी पारी में 178 रन की बढ़त हासिल थी। भारत ने अपनी दूसरी पारी में 193 रन बनाए और कुल 371 रन की बढ़त हासिल की और इस तरह श्रीलंका को 372 रन का लक्ष्य मिला था।
मानव ने मैच में कुल 10 विकेट लिए। पहली पारी में उन्होंने चार विकेट झटके थे। मानव ने इससे पहले अफगानिस्तान के खिलाफ जून में हुए टेस्ट में पहली पारी में 33 रन देकर छह विकेट झटके थे। हालांकि, गॉल में उनके शानदार प्रदर्शन के बावजूद देवदत्त पडिक्कल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। पडिक्कल ने गॉल में पहली पारी में 167 रन बनाए और दूसरी पारी में 44 रन बनाए थे।
श्रीलंका की टीम ने पांचवें दिन चार विकेट पर 84 रन से आगे खेलना शुरू किया और 122 रन बनाने में बाकी के छह विकेट गंवा दिए।
कप्तान धनंजय डिसिल्वा और सोनल दिनुषा ने शानदार बल्लेबाजी की और पांचवें विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी निभाई।
धनंजय को रवींद्र जडेजा ने पवेलियन भेजा। वह सात चौके की मदद से 59 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद श्रीलंका की टीम लगातार विकेट गंवाती रही।
निरोशन डिकवेला 10 रन, केशारा नुवांथा 20 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, प्रभात जयसूर्या और लाहिरू कुमारा खाता नहीं खोल सके। सोनल दिनुषा आठ चौके और एक छक्के की मदद से 84 रन बनाकर आउट हुए।
इससे पहले चौथे दिन श्रीलंका की दूसरी पारी में निशान मदुष्का छह रन, लाहिरू उदारा 16 रन और कामिंदु मेंडिस दो रन बनाकर आउट हुए थे। दिनेश चांदीमल के कन्कशन के तौर पर आए पासिंदु सूरियाबंदारा खाता नहीं खोल सके थे।
भारत की ओर से सुथार के अलावा प्रसिद्ध कृष्णा ने दो विकेट झटके। वहीं, रवींद्र जडेजा और मोहम्मद सिराज को एक-एक विकेट मिला। श्रीलंका के सामने गॉल टेस्ट को जीतने के लिए 372 रन का लक्ष्य है।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper