यूक्रेन के ड्रोन हमले में भारतीय की मौत
मास्को। रूस भारत का सच्चा दोस्त होने का दावा करता है लेकिन खुद अपने ही राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के वादे को पूरा नहीं कर रहा है। पीएम मोदी की पिछले साल रूस यात्रा के दौरान पुतिन ने वादा किया था कि यूक्रेन में रूस की ओर से जंग लड़ रहे भारतीय सैनिकों को वापस भेज दिया जाएगा लेकिन ऐसा हुआ नहीं। यूक्रेन युद्ध में एक और भारतीय की मौत हो गई है। इस सैनिक की पहचान बिनिल टीबी (32) के रूप में हुई है। बिनिल केरल के त्रिसूर जिले के रहने वाले थे। यही नहीं इस यूक्रेन की लड़ाई में बिनिल के एक संबंधी जैन टीके (27) भी बुरी तरह से घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि यूक्रेन के ड्रोन हमले में बिनिल की जान गई।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक कुछ दिन पहले बिनिल के परिवार को दोनों के घायल होने की सूचना मिली थी लेकिन दोनों का संपर्क नहीं हो सका। बिनिल के एक संबंधी सनीश ने बताया कि बिनिल की पत्नी मास्को में भारतीय दूतावास के साथ संपर्क में थीं। उन्हें अब सूचना मिली है कि बिनिल की मौत हो गई है। भारतीय अधिकारियों ने बताया कि उन्हें रूसी सेना से इस बारे में सूचना मिली है। केरल के विदेशों में रह रहे संगठन के अधिकारी अजीत कोलासरी ने कहा कि हमने इस घटना के बारे में सुना है। हम भारतीय विदेश मंत्रालय से पुष्टि का इंतजार कर रहे हैं।
साभार नवभारत टाइम्स