अभ्यास मैच में चमके भारतीय धुरंधर: श्रीलंका XI को 6 विकेट से रौंदकर जीत के साथ की टेस्ट सीरीज में एंट्री
कोलंबो। कोलंबो के नॉनडिस्क्रिप्ट क्रिकेट क्लब ग्राउंड पर खेले गए तीन दिवसीय अभ्यास मैच में भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका क्रिकेट XI के खिलाफ 6 विकेट से एकतरफा जीत हासिल की। टेस्ट सीरीज की शुरुआत से ठीक पहले मिली इस जीत ने भारतीय खेमे का हौसला काफी बढ़ा दिया है। अब टीम इंडिया जीत के साथ टेस्ट सीरीज में एंट्री लेगी।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका क्रिकेट XI की शुरुआत काफी मजबूत रही। सलामी बल्लेबाज निशान मदुश्का ने तेजी से रन बनाते हुए 66 रन जड़े, जबकि रविंदु रसंता ने धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए 71 रनों की पारी खेली। मध्यक्रम में कप्तान सोनल दिनुशा ने भी 52 रनों का अहम योगदान दिया। भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर वापसी करने की कोशिश की, जिसमें स्पिनर कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा और मानव सुथार ने 2-2 विकेट हासिल किए। श्रीलंका क्रिकेट XI ने 90 ओवरों में 8 विकेट खोकर 363 रन बनाए और अपनी पहली पारी घोषित कर दी।
जवाब में उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। इसके बाद टीम की कमान संभाल रहे केएल राहुल ने पारी को संभाला। लेकिन असली आकर्षण देवदत्त पडिक्कल की शानदार बल्लेबाजी रही, जिन्होंने नंबर 3 पर आते ही मैदान के चारों तरफ बेहतरीन शॉट्स खेले। पडिक्कल ने 18 चौकों की मदद से नाबाद 142 रनों की शतकीय पारी खेली। उनका साथ ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने निभाया, जिन्होंने 63 रन बनाए। निचले क्रम में मानव सुथार के 41 रन और गुरनूर ब्रार की 18 गेंदों में 36 रनों की तूफानी पारी के दम पर भारत ने 90 ओवरों में 6 विकेट पर 357 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित की।
अपनी दूसरी पारी में श्रीलंका क्रिकेट XI ने 45 ओवरों में 6 विकेट खोकर 200 रन बनाए। उनकी ओर से निशान मदुश्का (63) और निपुण धनंजय (46) ही टिककर खेल सके। भारतीय स्पिनरों रवींद्र जडेजा (2 विकेट) और तेज गेंदबाज गुरनूर ब्रार (2 विकेट) ने मेजबान टीम पर दबाव बनाए रखा। श्रीलंका क्रिकेट XI ने अपनी दूसरी पारी घोषित कर भारत के सामने जीत के लिए 207 रनों का लक्ष्य रखा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने आक्रामक रुख अपनाया। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने पहली पारी की नाकामी को पीछे छोड़ते हुए महज 46 गेंदों में 9 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 61 रन ठोके। वहीं चोट से वापसी कर रहे कप्तान शुभमन गिल ने भी आत्मविश्वास से भरा खेल दिखाते हुए 44 रनों का योगदान दिया। अंत में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने बल्ले से हैरान कर देने वाला प्रदर्शन किया और मात्र 15 गेंदों में 4 छक्कों और 1 चौके की मदद से नाबाद 32 रन कूटकर भारत को 45 ओवरों में ही 4 विकेट के नुकसान पर 214 रन बनाकर 6 विकेट से धमाकेदार जीत दिला दी।
साभार नवभारत टाइम्स

