इंदौर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 350 पाव देशी शराब और 40 किलो भांग जब्त

  • Share on :

पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। कलेक्टर शिवम वर्मा के आदेश एवं सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के निर्देश और मार्गदर्शन में 9 अगस्त 2026 को संयुक्त इंदौर आबकारी गश्त टीम ने अवैध शराब और भांग के खिलाफ कार्रवाई की।
वृत्त पलासिया क्षेत्र की बड़ी ग्वालटोली और विनोबा नगर में टीम ने सुबह कार्रवाई करते हुए दो आवासीय मकानों से देशी मदिरा बरामद की। कार्रवाई के दौरान अजय पिता राम गुलाम के बड़ी ग्वालटोली स्थित मकान तथा तनु बड़ा सी पत्नी विवेक के विनोबा नगर स्थित मकान से कुल 350 पाव देशी मदिरा जब्त की गई।
दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 एवं 45 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
इसी क्रम में नगर निगम क्षेत्र की सूतार गली में एक आवासीय मकान में कथित रूप से संचालित की जा रही अवैध भांग फैक्ट्री पर भी संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। यहां से 40 किलो भांग और एक भांग पिसाई मशीन जब्त की गई। मामले में आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
आबकारी विभाग के अनुसार, तीनों कार्रवाई में कुल 350 पाव देशी मदिरा, 40 किलो भांग और एक मशीन जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 55 हजार रुपये बताई गई है।
पूरी कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी, वृत्त पलासिया श्री राघवेंद्र सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में संयुक्त आबकारी टीम द्वारा संपन्न की गई।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper