शुष्क दिवस पर इंदौर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर, 15 अगस्त 2026। शुष्क दिवस के अवसर पर इंदौर आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के आदेशानुसार एवं सहायक आयुक्त आबकारी इंदौर श्री अभिषेक तिवारी के निर्देशन में आबकारी अमले ने महू क्षेत्र में अवैध मदिरा बिक्री एवं संग्रहण के विरुद्ध अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान पेराडाइज होटल, इंदौर-पीथमपुर मार्ग के पास स्थित एक ढाबे से अवैध मदिरा जब्त की गई। इसके बाद दीपक राठौड़ की निशानदेही पर यूजर ढाबे पर दबिश दी गई, जहां से भी अवैध मदिरा बरामद हुई।
आबकारी विभाग के अनुसार कुल 598.8 बल्क लीटर मदिरा जब्त की गई, जिसमें देशी मदिरा की 12 पेटी, बियर की 36 पेटी तथा अंग्रेजी स्पिरिट की 14 पेटी शामिल हैं। जब्त मदिरा की अनुमानित कीमत करीब 2.75 लाख रुपये बताई गई है।
मामले में आरोपी दीपक राठौड़, पिता घनश्याम राठौड़, निवासी बढ़वानी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। प्रकरण आबकारी वृत्त महू में प्रभारी हरेन्द्र सिंह धुरिया द्वारा पंजीबद्ध किया गया।
कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री गणपत सिंह धुंध, पवन टिकेकर एवं निधि शर्मा सहित आबकारी अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं मुख्य आरक्षक सोमप्रकाश राठौड़, आरक्षक कमलेश निहारे, रीना भिन्डे, हेमलता बुंद एवं विवेक कराड़े भी कार्रवाई में शामिल रहे।
आबकारी विभाग ने शुष्क दिवस पर अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश दिया है।

