इंदौर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 34 पेटी अवैध शराब जब्त
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। जिला आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के विक्रय एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई। आबकारी विभाग की टीम ने सनराइज टाउन बंजारी स्थित एक मकान पर दबिश देकर देसी एवं विदेशी मदिरा की कुल 34 पेटियां, जिसमें 324 बल्क लीटर अवैध शराब शामिल है, जब्त की है।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के आदेश एवं सहायक आयुक्त आबकारी श्री अभिषेक तिवारी के निर्देशन में, कंट्रोलर श्री देवेश चतुर्वेदी तथा डिप्टी कंट्रोलर श्री मनोज अग्रवाल के नेतृत्व में जिले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 20 अगस्त 2026 को वृत्त महू-ब के प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री पवन टीकेकर को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर आबकारी उपनिरीक्षक श्री राजेश वट्टी एवं टीम ने सनराइज टाउन बंजारी स्थित मकान पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान मौके से लंदन प्राइड व्हिस्की की 4 पेटी, लिमाउंट बीयर की 6 पेटी, देसी मदिरा प्लेन की 16 पेटी तथा देसी मदिरा मसाला की 8 पेटी बरामद की गई। कुल 34 पेटियों में 324 बल्क लीटर अवैध मदिरा जब्त की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 लाख 54 हजार 160 रुपये बताई गई है।
मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
उक्त कार्रवाई में मुख्य आरक्षक ओमप्रकाश राठौड़, रवींद्र बघेल, आरक्षक सावन सिसोदिया एवं राशि सोलट का सराहनीय योगदान रहा।

