इंदौर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब की होम डिलीवरी करते दो आरोपी गिरफ्तार
दो दोपहिया वाहनों से 33.6 बल्क लीटर शराब जब्त, 1.94 लाख रुपये का मशरूका बरामद
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। शहर में अवैध शराब के विक्रय, परिवहन और संग्रहण के खिलाफ आबकारी विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में 13 नवंबर को आबकारी विभाग की वृत्त पलासिया टीम ने अवैध रूप से शराब का परिवहन करते हुए दो आरोपियों को अलग-अलग क्षेत्रों से गिरफ्तार किया है। कलेक्टर शिवम वर्मा के आदेश एवं सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के निर्देशन में कंट्रोलर कमलेश सोलंकी, डिप्टी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल और सहायक जिला आबकारी अधिकारी राघवेंद्र सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग की टीम गश्त के दौरान पलासिया चौराहा स्थित महिला थाना के पास और इंद्रप्रस्थ टावर के पीछे सड़क पर पहुंची। यहां दो अलग-अलग दोपहिया वाहनों टीवीएस जुपिटर और होंडा एक्टिवा से अवैध रूप से शराब का परिवहन करते हुए अजय लिखरिया पिता मोहनलाल लिखरिया और सालिकराम जायसवाल पिता बेचूराम जायसवाल को पकड़ा गया।
बताया गया कि आरोपी शराब की होम डिलीवरी के उद्देश्य से परिवहन कर रहे थे। शराब के परिवहन एवं उससे संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34 के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान दोनों दोपहिया वाहनों के साथ देशी मदिरा प्लेन, किंगफिशर बीयर और बडवाइजर मैग्नम बीयर सहित कुल 33.6 बल्क लीटर मदिरा जब्त की गई। जब्त शराब और वाहनों सहित मशरूके का बाजार मूल्य 1 लाख 94 हजार 380 रुपये बताया गया है।
पूरी कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी राघवेंद्र सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में की गई। इसमें उपनिरीक्षक प्रियंका रानी चौरसिया, मुख्य आरक्षक तरुण सिंह जाट, आरक्षक तुषार वर्मा एवं वाहन चालक का सराहनीय योगदान रहा। फिलहाल मामले में आगे की विवेचना जारी है।

