इंदौर रहवासियों की एक ही पुकार 33 साल का इंतजार न्याय करो हमारे साथ हम हमारा हक मांगते हम किसी से भीख नहीं मांगते
राजेश धाकड़
इंदौर की पुष्प विहार कॉलोनी (योजना क्रमांक 171, पूर्व योजना 132) के रहवासियों ने 33 वर्षों से लंबित भूमि अधिग्रहण और विकास कार्यों को लेकर प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया है। कॉलोनी में लगाए गए पोस्टरों के माध्यम से रहवासियों ने अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए जल्द न्याय की मांग की है।
रहवासियों का कहना है कि वर्ष 1993 में शुरू हुई योजना को 2009 में योजना क्रमांक 171 के रूप में लागू किया गया, लेकिन आज तक एक इंच भूमि का भी अधिग्रहण नहीं हुआ। इससे हजारों परिवार वर्षों से असमंजस और अनिश्चितता का जीवन जीने को मजबूर हैं। उनका आरोप है कि भूमि अधिग्रहण नहीं होने के कारण वे अपनी संपत्ति का स्वतंत्र रूप से उपयोग भी नहीं कर पा रहे हैं।
प्रभावित लोगों का यह भी कहना है कि 22 दिसंबर 2024 को योजना के लिए आवश्यक राशि जमा होने के बावजूद कानूनी प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी और योजना अब तक शासकीय गजट में प्रकाशित नहीं की गई।
विरोध स्वरूप लगाए गए पोस्टरों पर "हमें न्याय चाहिए, भीख नहीं", "33 साल का हिसाब दो" और "हमारा समय लौटाओ" जैसे संदेश लिखे गए हैं। रहवासियों ने प्रशासन से मामले का शीघ्र समाधान कर उनके संपत्ति संबंधी अधिकार बहाल करने की मांग की है।

