नशे (ड्रग्स) के विरुद्ध इंदौर की ऐतिहासिक हुंकार, 8100 से अधिक इंदौरियों ने अपने कदमों से दिया संदेश—"नशे से दूरी है ज़रूरी"
पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह एवं भारतीय क्रिकेटर श्री रजत पाटीदार की मौजूदगी में निकली जागरूकता मैराथन, पूरे शहर ने लिया नशामुक्ति का संकल्प
????युवा, महिलाएं, बच्चे, वरिष्ठ नागरिक और खिलाड़ियों ने मैराथन में दौड़कर दिया नशामुक्त समाज के लिए एक ही संदेश- "Say No to Drugs"
आदित्य शर्मा
इंदौर। युवाओं एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाकर नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा "नशे से दूरी है ज़रूरी" (Say No to Drugs) अभियान के अंतर्गत आज, 26 जुलाई 2026 को प्रातः 6 बजे नेहरू स्टेडियम से "Run for a Healthy Life – Say No to Drugs" जागरूकता मैराथन का भव्य आयोजन किया गया।
पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह की विशेष उपस्थिति में इस मैराथन में भारतीय क्रिकेट स्टार श्री रजत पाटीदार भी सम्मिलित हुए और सभी को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
मैराथन में 5 किलोमीटर (नेहरू स्टेडियम–होल्कर कॉलेज–नेहरू स्टेडियम) एवं 10 किलोमीटर (नेहरू स्टेडियम–राजीव गांधी प्रतिमा–नेहरू स्टेडियम) की दो श्रेणियों में दौड़ आयोजित की गई। इसमें 8100 से अधिक नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नशे के विरुद्ध जनजागरूकता का संदेश दिया।
इस ऐतिहासिक आयोजन में शहर के युवा, बच्चे, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक, विभिन्न स्कूल एवं कॉलेजों के विद्यार्थी, स्पोर्ट्स अकादमियों के खिलाड़ी, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, नगर सुरक्षा समिति के सदस्य, पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज के प्रशिक्षु आरक्षक, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह ने भारतीय क्रिकेटर श्री रजत पाटीदार एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में मैराथन से पूर्व सभी प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प भी दिलाया गया।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त श्री संतोष कुमार सिंह ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि परिवार की खुशियों, सामाजिक सौहार्द और राष्ट्र के भविष्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के विशेष अतिथि भारतीय क्रिकेटर श्री रजत पाटीदार ने भी उपस्थित नागरिकों, विशेषकर युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में खेल, अनुशासन और सकारात्मक सोच को अपनाएं तथा नशे जैसी बुराइयों से सदैव दूर रहें।
मैराथन प्रारंभ होने से पूर्व प्रतिभागियों ने ऊर्जावान जुम्बा वॉर्म-अप सेशन में भाग लिया, जिससे पूरे आयोजन का वातावरण जोश, ऊर्जा और सकारात्मकता से भर उठा।
मैराथन नेहरू स्टेडियम से प्रारंभ होकर निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए पुनः नेहरू स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने "नशे से दूरी है ज़रूरी", "Say No to Drugs", "स्वस्थ जीवन, नशामुक्त जीवन" तथा "नारी का संकल्प—नशामुक्त हो हर परिवार" जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से नागरिकों को जागरूक किया।
आयोजन में एडिशनल पुलिस कमिश्नर (अपराध/मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह, एडिशनल पुलिस कमिश्नर (कानून एवं व्यवस्था) श्री मयंक अवस्थी, डीसीपी ज़ोन-01 श्री नरेंद्र सिंह रावत, डीसीपी ज़ोन-02 श्री अमन सिंह राठौर, डीसीपी ज़ोन-03 श्री अभिषेक रंजन, डीसीपी क्राइम श्री राजेश कुमार त्रिपाठी, एडिशनल डीसीपी श्री ओमप्रकाश, श्री अमरेन्द्र सिंह, श्री राजेश दंडोतिया, विभिन्न एसीपी, थाना प्रभारी एवं अन्य अधिकारीगण ने भी शामिल होकर, नशे के विरुद्ध जागरूकता के कदम बढ़ाएं।
मैराथन के समापन पर प्रतिभागियों को पुलिस अधिकारियों द्वारा प्रशस्ति प्रमाण-पत्र (Certificate) प्रदान कर सम्मानित किया गया।
संदेश
नशे को कहिए "ना"...
नशे से दूरी है ज़रूरी!
Run for a Healthy Life | ???? Say No to Drugs

