राष्ट्रीय नॉन-चाकू चैंपियनशिप में इंदौर के मृत्युंजय जैन ने बढ़ाया मध्यप्रदेश का मान
कानपुर। कोच राकेश रेनीवाल के कुशल मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश के इंदौर निवासी मृत्युंजय जैन ने कानपुर में आयोजित राष्ट्रीय नॉन-चाकू चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत एवं कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर से आए लगभग 300 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। महाराष्ट्र, ओडिशा, झारखंड, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, लखनऊ (उत्तर प्रदेश), दिल्ली सहित कई राज्यों के खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबले हुए।
मृत्युंजय जैन ने नॉन-चाकू फ्री स्टाइल एवं काता वर्ग में उत्कृष्ट तकनीक, संतुलन और अनुशासन का परिचय देते हुए अपने प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ा और अपनी योग्यता के दम पर द्वितीय (रजत) एवं तृतीय (कांस्य) स्थान हासिल किया।
उनकी इस उपलब्धि पर खेल जगत, प्रशिक्षकों और परिजनों में हर्ष का माहौल है। कोच राकेश रेनीवाल ने इसे कड़ी मेहनत, निरंतर अभ्यास और अनुशासन का परिणाम बताया। यह सफलता न केवल मृत्युंजय जैन की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि इंदौर और मध्यप्रदेश के लिए गर्व का विषय भी है।

