उद्यम संवाद में स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी, कलेक्टर ने युवाओं एवं महिला उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने किया प्रोत्साहित

  • Share on :

धर्मेन्द्र गुप्ता की रिपोर्ट
 मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को श्री लक्ष्मीकांत शर्मा प्रतीक्षालय, लटेरी में उद्यम संवाद का आयोजन किया गया।
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता तथा पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी की उपस्थिति में विभिन्न स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों ने अपने अपने अनुभवों की जानकारी दी गई है। संवाद के दौरान स्थानीय उद्यमियों, स्वसहायता समूहों की महिला उद्यमियों एवं उपस्थित नागरिकों ने योजनाओं से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।उद्यम संवाद में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, संत रविदास योजना, भगवान बिरसा मुंडा योजना, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना, पशुपालन केसीसी, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, आचार्य विद्यासागर योजना, एमएसएमई प्रोत्साहन योजना तथा मध्यप्रदेश स्टार्टअप नीति 2025 सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
उद्यमियों ने साझा किए सफलता के अनुभव कार्यक्रम में विभिन्न शासकीय स्वरोजगार योजनाओं का लाभ लेकर अपना व्यवसाय स्थापित करने वाले उद्यमियों एवं स्वसहायता समूह की महिला उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि शासकीय योजनाओं के माध्यम से वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्राप्त कर उन्होंने अपने व्यवसाय को प्रारंभ करने के साथ-साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाया है।उद्यमियों ने संवाद के दौरान अन्य युवाओं एवं नागरिकों को भी स्वरोजगार अपनाने और शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने उपस्थित नागरिकों से संवाद करते हुए कहा कि शासन द्वारा युवाओं, महिलाओं, छोटे व्यापारियों, कारीगरों, किसानों एवं पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए अनेक स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में आगे बढ़ाना है।उन्होंने नागरिकों से कहा कि अपनी रुचि, क्षमता और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप व्यवसाय का चयन कर शासकीय योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग दिया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।कलेक्टर श्री गुप्ता ने कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों की समस्याएं भी सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं एवं सेवाओं को आमजन के अधिक निकट पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम में  उघोग विभाग की महाप्रबंधक श्रीमती जयंती कुमारी सहायक मैनेजर सुश्री रितु साहू समेत अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, उद्यमी, स्वसहायता समूहों की महिला सदस्य, युवा एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper