मंडियों की कैंटीनों के भोजन की गुणवत्ता पर शुरू हुआ निरीक्षण
पत्रकार खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। मंडियों में काम करने वाले मजदूरों, व्यापारियों और कर्मचारियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता को परखने के उद्देश्य से निरीक्षण और भोजन परीक्षण का सिलसिला शुरू किया गया है। इसी क्रम में बुधवार को लक्ष्मीबाई नगर मंडी की कैंटीन में भोजन किया गया, जबकि गुरुवार को फूल मंडी की कैंटीन पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, स्वाद और कर्मचारियों को मिलने वाली सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। मंडियों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग काम करते हैं, ऐसे में कैंटीन में मिलने वाले भोजन का स्तर बेहतर होना बेहद आवश्यक माना जा रहा है।
बताया गया कि इस पहल का उद्देश्य केवल भोजन करना नहीं, बल्कि यह जानना है कि मंडियों में कार्यरत लोगों को किस प्रकार का भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है और व्यवस्थाओं में किन बिंदुओं पर सुधार की आवश्यकता है। आने वाले समय में अन्य मंडियों की कैंटीनों का भी निरीक्षण किया जाएगा।

