कोल ब्लॉकों से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, ग्रामीणों से सतत संवाद पर जोर

  • Share on :

 साहिल खान 
शहडोल,। कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता की अध्यक्षता में कलेक्टर सभागार उमरिया में कोल ब्लॉकों से संबंधित महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कोल ब्लॉकों के संचालन, विकास कार्यों, भूमि संबंधी मामलों, वन स्वीकृतियों तथा लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई। कमिश्नर ने अधिकारियों को सभी कार्यों में तेजी लाने के साथ शासन द्वारा निर्धारित नियमों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोयला खनन से जुड़े कार्यों में पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय लोगों के हित और जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

बैठक में कोल ब्लॉकों के संचालकों ने विद्युत आपूर्ति के लिए 132 केवी सब स्टेशन की आवश्यकता से अवगत कराया। कमिश्नर ने वरिष्ठ कार्यालय से समन्वय कर समस्या का शीघ्र निराकरण कराने के निर्देश दिए। वहीं कॉमन रेलवे साइडिंग से कोयला निकालकर परिवहन में आ रही समस्याओं की भी जानकारी दी गई, जिस पर कमिश्नर ने संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर समाधान कराने का आश्वासन दिया।

वन विभाग से संबंधित मामलों की समीक्षा के दौरान स्टेज-1 फॉरेस्ट क्लियरेंस एवं फॉरेस्ट एनओसी की स्थिति की जानकारी ली गई। वनमंडलाधिकारी ने आवश्यक सहयोग प्रदान करने की बात कही। साथ ही लंबित प्रकरणों की रिपोर्ट आगामी मंगलवार तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि रामा कोल ब्लॉक ओपन कास्ट परियोजना है, जिसके अंतर्गत कांचोदर, रौगढ़, आमगार एवं औढ़ेरा गांवों का विस्थापन प्रस्तावित है। इस पर कमिश्नर श्रीमती सुरभि गुप्ता ने निर्देश दिए कि भूमि की आवश्यकता वाले सभी कोल ब्लॉक ग्रामीणों से निरंतर संवाद स्थापित करें। ग्रामीणों को विस्थापन एवं भूमि संबंधी पूरी प्रक्रिया, परियोजना के तहत मिलने वाली सुविधाओं तथा किए गए प्रावधानों की स्पष्ट जानकारी दी जाए और उनकी सहमति प्राप्त करने के बाद ही आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोल ब्लॉकों से जुड़े सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाए, ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो और शासन की मंशा के अनुरूप परियोजनाओं का संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में कलेक्टर उमरिया श्रीमती राखी सहाय, वनमंडलाधिकारी श्री विवेक सिंह सहित विभिन्न कोल ब्लॉकों के संचालक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper