IPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स ने जीत के साथ किया सफर का अंत, केकेआर को 40 रन से हराया; लीग स्टेज खत्म, प्लेऑफ की तस्वीरें साफ

  • Share on :

कोलकाता। दिल्ली कैपिटल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को 40 रनों से हरा दिया। रविवार को ईडन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली ने केएल राहुल की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में पांच विकेट पर 203 रन बनाए। जवाब में केकेआर 18.4 ओवर में सिर्फ 163 रन ही बना पाई और ऑलआउट हो गई। उनके लिए कप्तान अजिंक्य रहाणे ने सर्वाधिक 63 रनों की पारी खेली। इसी के साथ आईपीएल 2026 का लीग चरण समाप्त हो गया। 
प्लेऑफ की चारों टीमें तय हो चुकी हैं। आरसीबी, गुजरात, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने में सफल रहीं। तालिका में शीर्ष-दो स्थानों पर रहने वाली आरसीबी और गुजरात के बीच 26 मई को धर्मशाला में पहला क्वालिफायर मुकाबला खेला जाएगा। वहीं, 27 मई को मुल्लांपुर में हैदराबाद और राजस्थान के बीच एलिमिनेटर मैच खेला जाएगा।
इस सीजन दिल्ली का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। 14 में से सात मैच जीतकर टीम 14 अंक और -0.651 के नेट रन रेट के साथ छठे पायदान पर रही। वहीं, केकेआर को छह मुकाबलों में जीत मिली जबकि सात मैचों में हार का सामना करना पड़ा। इसके अलावा एक मैच उनका बारिश के कारण रद्द रहा। केकेआर 13 अंक और -0.147 के नेट रन रेट के साथ तालिका में सातवें स्थान पर रही।
दिल्ली को सलामी जोड़ी ने मजबूत शुरुआत दिलाई। अभिषेक पोरेल ने केएल राहुल के साथ पहले विकेट के लिए 27 गेंदों में 40 रन की साझेदारी की। अभिषेक 18 गेंदों में 4 चौकों के साथ 22 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद साहिल परख ने केएल राहुल के साथ दूसरे विकेट के लिए 30 गेंदों में 47 रन जुटाकर टीम को 87 के स्कोर तक पहुंचाया। साहिल 17 गेंदों में एक छक्के और तीन चौकों के साथ 24 रन बनाकर आउट हुए। यहां से केएल राहुल ने कप्तान अक्षर पटेल के साथ तीसरे विकेट के लिए 19 गेंदों में 38 रन जोड़े। केएल राहुल ने अपनी इस तूफानी पारी में 30 गेंदों का सामना करते हुए चार छक्कों और पांच चौकों के साथ 60 रन बनाए।
दिल्ली ने 125 के स्कोर तक अपने तीन विकेट खो दिए थे, जहां से अक्षर पटेल ने डेविड मिलर के साथ चौथे विकेट के लिए 25 गेंदों में 41 रन की साझेदारी करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया। अक्षर 25 गेंदों में 39 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि डेविड मिलर ने 19 गेंदों में 28 रन की पारी खेली। विपक्षी खेमे से सौरभ दुबे ने सर्वाधिक दो विकेट हासिल किए, जबकि अनुकूल रॉय, सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर को कप्तान अजिंक्य रहाणे और फिन एलन की जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 4.3 ओवरों में 43 रन की साझेदारी की। फिन एलन 13 गेंदों में 20 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद रहाणे ने मनीष पांडे के साथ दूसरे विकेट के लिए 44 रन जुटाकर टीम को 87 के स्कोर तक पहुंचाया। पांडे 16 गेंदों में 25 रन बनाकर आउट हुए। रहाणे ने रोवमन पॉवेल के साथ चौथे विकेट के लिए 22 गेंदों में 32 रन की साझेदारी की। रहाणे 39 गेंदों में चार छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 63 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
केकेआर ने 128 के स्कोर पर रहाणे के रूप में अपना चौथा विकेट गंवाया। अगली गेंद पर कुलदीप यादव ने रिंकू सिंह (0) को भी आउट कर दिया, लेकिन हैट्रिक पूरी नहीं कर सके। इनके अलावा, पॉवेल ने 21 गेंदों में 29 रन की पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। विपक्षी खेमे से कुलदीप यादव और लुंगी एनगिडी ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। मिचेल स्टार्क ने दो विकेट अपने नाम किए। 
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper