IPL 2026: दिल्ली की पहली जीत, लखनऊ के इकाना में चला 'समीर' का जादू

  • Share on :

लखनऊ। लुंगी एनगिडी और टी नटराजन की घातक गेंदबाजी के बाद समीर रिजवी और ट्रिस्टन स्टब्स की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जाएंट्स को छह विकेट से हराकर आईपीएल 2026 की अपनी पहली जीत दर्ज की। बुधवार को लखनऊ को इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ ने 18.4 ओवर में 10 विकेट पर 141 रन बनाए। जवाब में दिल्ली ने 17.1 ओवर में चार विकेट पर 145 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
142 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली को पहली ही गेंद पर केएल राहुल (0) के रूप में झटका लगा। इसके बाद टीम ने 26 के स्कोर तक अपने चार विकेट खो दिए थे। इस बीच पथुम निसांका एक रन, नीतीश राणा 15 रन और कप्तान अक्षर पटेल खाता खोले बगैर पवेलियन लौट गए थे।
यहां से समीर रिजवी ने ट्रिस्टन स्टब्स के साथ पांचवें विकेट के लिए 76 गेंदों में 119 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 17 गेंदें शेष रहते जीत दिला दी। रिजवी 47 गेंदों में चार छक्कों और पांच चौकों के साथ 70 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि स्टब्स ने 39 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से प्रिंस यादव ने 20 रन देकर दो विकेट निकाले। मोहम्मद शमी और मोहसिन खान को एक-एक विकेट हाथ लगा।
इससे पहले लखनऊ की टीम 141 रन ही बना पाई थी। टीम को 19 के स्कोर पर कप्तान ऋषभ पंत (7) के रूप में झटका लगा। इसके बाद मिचेल मार्श ने एडेन मार्करम (11) के साथ दूसरे विकेट के लिए 29 रन की साझेदारी की। मार्श ने टीम के खाते में 35 रन का योगदान दिया। टीम ने 71 के स्कोर तक अपना पांचवां विकेट खो दिया था। यहां से अब्दुल समद ने मुकुल चौधरी के साथ 34 रन और शाहबाज अहमद के साथ 33 रन की साझेदारी करते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
अब्दुल समद 25 गेंदों में 36 रन बनाकर आउट हुए, जबकि शाहबाज अहमद ने नाबाद 15 रन जुटाए। मुकुल ने टीम के खाते में 14 रन जोड़े। विपक्षी खेमे से लुंगी एनगिडी और टी नटराज ने तीन-तीन विकेट हासिल किए, जबकि कुलदीप यादव ने दो विकेट निकाले। एक विकेट अक्षर पटेल के नाम रहा।
इसी के साथ सभी टीमों का मौजूदा आईपीएल सत्र में एक-एक मुकाबला हो चुका है। शुरुआती पांच मैचों के बाद आईपीएल 2026 की अंक तालिका का हाल कैसा है? आइये जानते हैं...
आईपीएल के मौजूदा सीजन के शुरुआती पांच मुकाबलों के बाद अंक तालिका दिलचस्प हो गई है। सभी टीमों ने एक-एक मैच खेल लिया है, जिसके बाद राजस्थान रॉयल्स शीर्ष स्थान पर काबिज है। टीम ने अपना पहला मुकाबला जीतकर दो अंक हासिल किए हैं और उसका नेट रन रेट भी सबसे बेहतर है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु दूसरे और दिल्ली कैपिटल्स तीसरे स्थान पर हैं, दोनों के खाते में भी 2-2 अंक हैं, लेकिन नेट रन रेट के आधार पर उनकी रैंकिंग तय हुई है। मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स भी जीत के साथ क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर मौजूद हैं।
वहीं दूसरी ओर, गुजरात टाइटंस, कोलकाता नाइट राइडर्स, लखनऊ सुपर जाएंट्स, सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स को अपने-अपने पहले मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है, जिसके चलते ये टीमें फिलहाल अंक तालिका में निचले पायदान पर हैं। इन सभी टीमों के पास अभी भी वापसी का पूरा मौका है, क्योंकि टूर्नामेंट अभी शुरुआती चरण में है। आने वाले मुकाबलों में प्रदर्शन के आधार पर अंक तालिका में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper