IPL 2026: आरसीबी की विजयी शुरुआत, कोहली और पडिक्कल के तूफान में उड़ी सनराइजर्स हैदराबाद

  • Share on :

बंगलूरू। विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल की तूफानी अर्धशतकीय पारियों की मदद से गत विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने सनराइजर्स हैदराबाद को आईपीएल 2026 के पहले मुकाबले में छह विकेट से हरा दिया। शनिवार को बंगलूरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद ने ईशान किशन (80) और अनिकेत वर्मा (43) की पारियों की मदद से 20 ओवर में नौ विकेट पर 201 रन बनाए। जवाब में आरसीबी ने 15.4 ओवर में चार विकेट पर 203 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
202 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत झटके के साथ हुई। फिल सॉल्ट महज आठ रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद मोर्चा देवदत्त पडिक्कल और विराट कोहली ने संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों में 101 रनों की साझेदारी हुई।
इस दौरान पडिक्कल ने 21 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 26 गेंदों में सात चौके और चार छक्के की मदद से 61 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनका स्ट्राइक रेट 234.61 का रहा। वहीं, कप्तान रजत पाटीदार ने 12 गेंदों में 31 रन बनाकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। आखिर में विराट कोहली ने 38 गेंदों में पांच चौके और पांच छक्के की सहायता से 69 रनों की दमदार पारी खेली और टीम को जीत दिलाई। कोहली ने 33 गेंदों में अपना 64वां आईपीएल अर्धशतक पूरा किया। टिम डेविड 16 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, हैदराबाद के लिए डेविड पायने ने दो विकेट लिए जबकि जयदेव उनादकट और हर्ष दुबे ने एक-एक सफलता अपने नाम की।
इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 201 रन बनाए थे। हैदराबाद की शुरुआत खराब रही थी। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा सात और ट्रेविस हेड 11 रन बनाकर आउट हो गए। चौथे नंबर पर आए नीतीश रेड्डी भी एक रन बना सके। 29 रन पर तीन विकेट गंवा चुकी एसआरएच को कप्तान ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन ने संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी की। 
क्लासेन 22 गेंदों पर 2 चौकों और एक छक्के की मदद से 31 रन बनाए। ईशान किशन 38 गेंदों पर पांच छक्कों और आठ चौकों की मदद से 80 रन की पारी खेलकर आउट हुए। इन दोनों के अलावा सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए अनिकेत वर्मा ने 18 गेंदों पर तीन चौके और चार छक्के की मदद से 43 रन की पारी खेली। अनिकेत की पारी की वजह से ही एसआरएच 200 के पार पहुंच सकी।  आरसीबी के लिए जैकब डफी और रोमारियो शेफर्ड ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह और सुयश शर्मा को एक-एक सफलता मिली।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper