IPL 2026: चेन्नई को 5 विकेट से हराकर प्लेऑफ में पहुंची सनराइजर्स हैदराबाद, गुजरात टाइटन्स की जगह भी पक्की
चेन्नई. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैच नंबर-63 में सोमवार (18 मई) को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का सामना सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से हुआ. चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में हुए इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने पांच विकेट से जीत हासिल की. चेन्नई सुपर किंग्स ने हैदराबाद को जीत के लिए 181 रनों का टारगेट दिया था, जिसे उसने 19 ओवर में हासिल कर लिया. इस जीत के साथ ही सनराइजर्स हैदराबाद प्लेऑफ में पहुंच गई. वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के लिए समीकरण गड़बड़ा गया है.
सनराइजर्स हैदराबाद की जीत के चलते गुजरात टाइटन्स का भी प्लेऑफ स्पॉट पक्का हो गया. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पहले ही प्लेऑफ में जगह बना चुकी है. मौजूदा सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है. सनराइजर्स हैदराबाद ने 13 मैच खेलकर 8 में जीत हासिल की है और उसके 16 अंक हैं. दूसरी ओर चेन्नई सुपर किंग्स ने 13 मैचों में से 6 में जीत दर्ज की. चेन्नई सुपर किंग्स के 12 पॉइंट्स हैं.
रनचेज में सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत अच्छी नहीं रही. ट्रेविस हेड सिर्फ 6 रन बना पाए और वो पारी के दूसरे ओवर में मुकेश चौधरी की गेंद पर आउट हुए. अभिषेक शर्मा (26 रन) लय में दिख रहे थे, लेकिन अकील हुसैन की फिरकी ने उनका काम खत्म कर दिया. इसके बाद ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन ने तीसरे विकेट के लिए 75 रनों की साझेदारी कर हैदराबाद को संभाला.
हेनरिक क्लासेन ने 26 गेंदों पर 47 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. क्लासने का विकेट नूर अहमद ने चटकाया. क्लासेन के आउट होने के बाद ईशान किशन ने पूरी जिम्मेदारी ली और टीम को जीत के करीब ले गए. ईशान किशन ने 47 गेंदों का सामना करते हुए 70 रन बनाए. इस दौरान ईशान ने 7 चौके और तीन छक्के लगाए. नीतीश रेड्डी कुछ खास नहीं कर पाए और केवल 11 रन बना सके. सलिल अरोड़ा (10 रन) और स्मरण रविचंद्रन (5 रन) ने इनिंग्स को फिनिशिंग टच प्रदान किया.
चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए सात विकेट पर 180 रन बनाए. चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत कुछ खास नहीं रही. पैट कमिंस ने संजू सैमसन को 27 रनों के निजी स्कोर पर पवेलियन भेजा. उर्विल पटेल कुछ खास नहीं कर सके और साकिब हुसैन ने उनका विकेट झटका. कार्तिक शर्मा में लय में दिख रहे थे, लेकिन वो अपनी इनिंग्स को ज्यादा बड़ी नहीं कर सके. कार्तिक ने 19 गेंदों पर 32 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल रहे. कार्तिक को भी कमिंस ने चलता किया. कार्तिक के आउट होने के समय सीएसके का स्कोर 90/3 था.
कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ बिल्कुल लय में नहीं दिखे और 21 गेंदों में 15 रन बनाए. ऋतुराज का विकेट भी पैट कमिंस ने चटकाया. इसके बाद शिवम दुबे और डेवाल्ड ब्रेविस ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए 59 रनों की साझेदारी की. ब्रेविस ने चार छक्के और दो चौके की मदद से 27 बॉल पर 44 रनों का योगदान दिया. वहीं शिवम दुबे ने 23 बॉल पर 26 रनों की पारी खेली. प्रशांत वीर पारी की आखिरी गेंद पर आउट हुए. हैदराबाद के लिए पैट कमिंस ने तीन विकेट लिए. जबकि साकिब हुसैन को दो सफलताएं हासिल हुईं.
चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच इंडियन प्रीमियर लीग में अब तक 24 मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान चेन्नई सुपर किंग्स ने 15 मैचों में जीत हासिल की है. वहीं सनराइजर्स हैदराबाद को 9 मैचों में जीत मिली. मौजूदा सीजन में दोनों टीमें दूसरी बार आमने-सामने हुई हैं. इससे पहले 18 अप्रैल 2026 को दोनों टीमों के बीच मुकाबला हुआ था, जिसमें सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को 10 रनों से परास्त किया था.
साभार आज तक

