ईशान-अभिषेक का तूफान, वैभव का शतक गया बेकार; सनराइजर्स की जयपुर में रिकॉर्ड जीत

  • Share on :

जयपुर। ईशान मलिंगा की अगुवाई में गेंदबाजों के घातक प्रदर्शन के बाद अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की शतकीय साझेदारी के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को पांच विकेट से हरा दिया। शनिवार को सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान ने वैभव सूर्यवंशी की शतकीय और ध्रुव जुरेल की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में छह विकेट पर 228 रन बनाए। जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद ने 18.3 ओवर में पांच विकेट पर 229 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
आईपीएल इतिहास में हैदराबाद का इस मैदान पर सबसे बड़ा सफल रनचेज है। इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान के खिलाफ 2023 में 215 रनों का स्कोर इसी मैदान पर सफलतापूर्वक चेज किया था। वहीं, 200 से ज्यादा के लक्ष्य का पीछा करते हुए यह हैदराबाद की पांचवीं जीत है जबकि आईपीएल में राजस्थान के खिलाफ यह हैदराबाद की लगातार छठी जीत भी है।
लगातार चार मुकाबलों में जीत के साथ सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2026 की अंक तालिका में तीसरा स्थान हासिल कर लिया। अब टीम के खाते में 10 अंक हो गए और नेट रन रेट +0.815 का हो गया है। वहीं, राजस्थान आठ में से तीन मुकाबले हारकर चौथे पायदान पर है। हालांकि, उनके खाते में भी 10 ही अंक हैं। फिलहाल 13 अंकों के साथ पंजाब किंग्स शीर्ष पर मौजूद है, जिसने शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स को हराया था। गत विजेता आरसीबी 10 अंक लेकर दूसरे स्थान पर है।
229 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ट्रेविस हेड पांच गेंदों में महज छह रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, इसके बाद ईशान किशन और अभिषेक शर्मा ने मोर्चा संभाला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए महज 55 गेंदों में 132 रनों की साझेदारी निभाई। अभिषेक ने 29 गेंदों में 11 चौके और एक छक्के की मदद से 57 रन बनाए। वहीं, ईशान ने 31 गेंदों में 74 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में ईशान ने 11 चौके और तीन छक्के लगाए।
अभिषेक-ईशान के पवेलियन लौटने के बाद हेनरिक क्लासेन और नीतीश कुमार रेड्डी ने टीम की नैया को पार लगाने का जिम्मा उठाया। दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 31 गेंदों में 53 रनों की अहम साझेदारी निभाई। नीतीश 18 गेंदों में 36 रन बनाकर आउट हुए। क्लासेन ने 24 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 29 रन बनाए। सलिल अरोड़ा आठ और अनिकेत वर्मा एक रन बनाकर नाबाद रहे। राजस्थान रॉयल्स की ओर से गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर और बृजेश शर्मा ने दो-दो विकेट चटकाए। वहीं, फरेरा ने एक विकेट निकाला।
इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में छह विकेट खोकर 228 रन बनाए। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम पर यह आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर भी है। राजस्थान ने पंजाब किंग्स के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। आईपीएल 2025 में इस मैदान पर खेलते हुए पंजाब ने पांच विकेट गंवाकर 219 रन बनाए थे, जो इस मुकाबले से पहले इस ग्राउंड का सर्वाधिक टोटल था। राजस्थान का यह पहली पारी में खेलते हुए भी सबसे बड़ा स्कोर है। राजस्थान ने साल 2022 में बनाए गए दो विकेट खोकर 222 रन के अपने रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। राजस्थान का यह आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर भी है।
टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। यशस्वी जायसवाल 10 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, इसके बाद वैभव सूर्यवंशी और ध्रुव जुरेल ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 62 गेंदों में 112 रन जोड़े। जुरेल ने 35 गेंदों का सामना करते हुए 51 रन बनाए। वहीं, वैभव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 36 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। वैभव ने 37 गेंदों में 278 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 103 रन बनाए। अपनी इस पारी में वैभव ने पांच चौके और 12 छक्के लगाए।
इस मुकाबले में 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव ने 36 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का दूसरा शतक पूरा किया। इससे पहले उन्होंने 15 गेंदों में अपना अर्धशतक जड़ा। वह पुरुष टी20 में सबसे कम पारियों में चार शतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने 26 टी20 पारियों में चार शतक जड़े। इस मामले में उन्होंने उस्मान खान (33 पारियां), साई सुदर्शन (72 पारियां), क्रिस गेल (77 पारियां) और माइकल क्लिंगर (88 पारियां) को पीछे छोड़ा।
वैभव के रिकॉर्ड्स
इस मैच में वैभव का बल्ला जमकर गरजा। इस दौरान उन्होंने 278.37 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की।
उन्होंने 81 गेंदों में पांच चौके और 12 छक्कों की मदद से 103 रनों की आतिशी पारी खेली।
उन्होंने 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 15 गेंदों में तीन बार 50 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए।
इसके अलावा वैभव ने 1000 टी20 रन भी पूरे कर लिए।
उन्होंने यह कारनामा 473 गेंदों में किया और सबसे तेज 1000 टी20 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बने।
वैभव 40 से कम गेंदों में दो बार शतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज भी बन गए।
डोनोवन फेरेरा ने अंत के ओवरों में ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 16 गेंदों में 33 रनों की दमदार पारी खेली। हालांकि, कप्तान रियान पराग एक बार फिर फ्लॉप रहे और सिर्फ सात रन ही बना सके। वहीं, शिमरॉन हेटमायर 10 गेंदों में महज 11 रन ही बना सके। रवींद्र जडेजा चार और जोफ्रा आर्चर दो रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में हैदराबाद की तरफ से ईशान मलिंगा ने सर्वाधिक दो विकेट निकाले, जबकि प्रफुल्ल हिंगे, पैट कमिंस और नीतीश कुमार रेड्डी ने एक-एक विकेट चटकाया।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper