केजरीवाल पर दूसरे देशों की टिप्पणी से भड़के जयशंकर, कहा मर्यादा बनाए रखो

  • Share on :

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर दूसरे देशों की टिप्पणियों को लेकर विदेश मंत्री जयशंकर ने सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को भारत के आंतरिक विषयों में बेवजह की टीका-टिप्पणी से बचना चाहिए। दूसरे देशों को अपनी मर्यादा बनाए रखनी चाहिए। इस तरह के किसी भी हस्तक्षेप पर सख्त जवाब मिलेगा। हाल ही के दिनों में दिल्ली शराब घोटाला मामले में केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर अमेरिका, जर्मनी और संयुक्त राष्ट्र के राजनयिकों ने बयान जारी करते हुए भारत पर नजर बनाए रखने की बात कही थी। 
भारत के आंतरिक मुद्दों पर अंतरराष्ट्रीय समुदायों की ओर से की जा रही टिप्पणियों के खिलाफ भारत ने कड़ा विरोध जताया है। जयशंकर ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘किसी ने संयुक्त राष्ट्र के एक व्यक्ति से (केजरीवाल की गिरफ्तारी के बारे में) पूछा, और उन्होंने कुछ जवाब दिया। लेकिन अन्य मामलों में, मैं बहुत स्पष्ट रूप से कहूंगा कि ये पुरानी आदतें हैं, बुरी आदतें हैं।’’जयशंकर ने राष्ट्रों की संप्रभुता का सम्मान करने और एक-दूसरे के घरेलू मामलों में दखल देने से दूर रहने के महत्व पर जोर दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘देशों के बीच एक खास मर्यादा है। हम संप्रभु देश हैं, हमें एक दूसरे के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए, हमें एक दूसरे की राजनीति के बारे में टीका-टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।’’ विदेश मंत्री ने कहा कि कुछ शिष्टाचार और परंपराएं होती हैं, जिनका अंतरराष्ट्रीय संबंधों में पालन किया जाना चाहिए। अगर कोई देश भारत की राजनीति पर टिप्पणी करता है तो उन्हें हमसे बहुत कड़ा जवाब मिलेगा और यह हुआ भी है। जयशंकर ने आगे कहा, ‘‘हम विश्व के सभी देशों से आग्रह करते हैं कि दुनिया के बारे में आपके अपने विचार हैं, लेकिन किसी भी देश को खासकर दूसरे देश की राजनीति पर टिप्पणी करने का किसी को अधिकार नहीं है।’’
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper