समस्तीपुर में जमुई जैसी हैवानियत: बीच सड़क लड़की से अभद्रता और बदसलूकी, वीडियो वायरल होने पर 2 आरोपी चिह्नित

  • Share on :

समस्तीपुर। बिहार में शहर-शहर दरिंदगी का खेल खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। जमुई जिले के बाद अब समस्तीपुर जिले में बीच सड़क हैवानियत का नंगा नाच हुआ है। यहां भी कुछ हवसी एक लड़की पर टूट पड़े और उसके साथ जमकर बदसलूकी की है। कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध बाईपास रोड पर बुधवार को बेखौफ शोहदों ने जमुई जैसी घटना को अंजाम दिया। सड़क पर फोटो लेने के लिए रुकी लड़की को तीन युवकों ने घेरकर अभद्रता की। उसके साथ गाली-गलौज की। बीच सड़क पर खींचते हुए उसके साथ बैड टच किया। इस दौरान शोहदे उसका नाम-पता पूछते रहे।
देर शाम घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी ने मामले की तत्काल जांच व कार्रवाई का आदेश दिया। पुलिस ने वीडियो के आधार पर दो युवकों की पहचान की है। घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। हालांकि, वायरल वीडियो की पुष्टि लाइव हिन्दुस्तान नहीं करता है। समस्तीपुर के एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि वायरल वीडियो की सत्यता और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपितों की तलाश कर रही है।
बताया जाता है कि लड़की एक लड़के के साथ बांध बाईपास रोड से गुजर रही थी। दोनों सड़क किनारे रुककर फोटो ले रहे थे। इसी दौरान तीन युवकों ने लड़की को घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया। वीडियो में दिख रहा है कि लड़के लड़की को बीच सड़क पर खींच रहे हैं। उसका नाम-पता पूछ रहे हैं और बैड टच कर रहे हैं। इसी दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया। बाद में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper