झाबुआ ने रचा इतिहास: सीमित संसाधनों के बावजूद प्रदेश में नंबर वन
रिपोर्टर :- सलीम हुसैन
झाबुआ। झाबुआ जिले ने इस वर्ष Higher Secondary परीक्षा परिणामों में 93.23% उत्कृष्ट परिणाम के साथ पूरे मध्य प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया है। वहीं, हाई स्कूल परीक्षा परिणामों में भी 87.83% परिणाम के साथ प्रदेश के शीर्ष 5 जिलों में स्थान बनाकर जिले ने अपनी शैक्षणिक क्षमता का लोहा मनवाया है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने झाबुआ के सभी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।
डॉ. भूरिया ने कहा कि यह सिर्फ एक परीक्षा परिणाम नहीं, बल्कि झाबुआ की संघर्षशील आत्मा की जीत है।
उन्होंने कहा, “जब संसाधनों की कमी थी, जब हालात चुनौतीपूर्ण थे, तब हमारे बच्चों ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प से यह साबित कर दिया कि सफलता किसी सुविधा की मोहताज नहीं होती।”
उन्होंने विशेष रूप से उन परिवारों का उल्लेख किया जहाँ आज भी बुनियादी सुविधाओं की कमी है, लेकिन बच्चों के सपने और हौसले बुलंद हैं।
“टूटी छतों, सीमित रोशनी और आर्थिक अभाव के बीच पढ़कर इस मुकाम तक पहुँचना—यह झाबुआ के बच्चों की असाधारण क्षमता और जज़्बे का प्रमाण है।”
डॉ. भूरिया ने शिक्षकों और प्रशासन के प्रयासों की भी सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके सतत मार्गदर्शन और समर्पण का परिणाम है।
अंत में उन्होंने कहा,
“जहाँ संघर्ष बड़ा होता है, वहाँ सफलता की गूँज भी उतनी ही बुलंद होती है। झाबुआ ने आज पूरे प्रदेश को संदेश दिया है कि हम किसी से कम नहीं हैं।”

