झाबुआ पुलिस द्वारा कल्याणपुरा हाट बाजार में चलाया गया जागरूकता अभियान

  • Share on :

रिपोर्टर :- सलीम हुसैन 
झाबुआ।  “जागरूकता अभियान” के तहत महिला थाना प्रभारी एवं रक्षा सखी टीम द्वारा थाना कल्याणपुरा क्षेत्र अंतर्गत कल्याणपुरा हाट गुजरी बाजार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणजनों को बच्चों की शिक्षा के महत्व के बारे में समझाइश देते हुए कहा गया कि अपने बच्चों को कम से कम 12वीं तक नियमित रूप से स्कूल अवश्य भेजें तथा कम उम्र में बालक/बालिकाओं का विवाह न करें। साथ ही जिन बच्चों ने स्कूल छोड़ दिया है, उन्हें पुनः स्कूल जाने हेतु प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को साइबर अपराधों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई तथा साइबर सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 1930, महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 एवं डायल-112 के संबंध में अवगत कराया गया। इसके अतिरिक्त नशे से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में समझाइश देकर नशामुक्ति हेल्पलाइन की जानकारी भी प्रदान की गई।
यातायात नियमों की जानकारी देते हुए वाहन चलाते समय सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील की गई तथा विशेष रूप से बाइक चलाते समय हेलमेट का उपयोग अनिवार्य रूप से करने हेतु प्रेरित किया गया।
इस दौरान “मैं हूं अभिमन्यु” अभियान के बारे में भी जानकारी दी गई। युवाओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए समझाइश को सुना तथा आश्वस्त किया कि गली-मोहल्लों एवं गांवों में कोई भी संदिग्ध अथवा अनजान व्यक्ति घूमता दिखाई देने पर उससे पूछताछ एवं सूचना देने का कार्य करेंगे। साथ ही महिला अपराध संबंधी जानकारी देकर महिलाओं को जागरूक किया गया।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper