गोवंश वध एवं पशु क्रूरता की रोकथाम के लिए झाबुआ पुलिस का “ऑपरेशन गो-वंशम्” प्रारम्भ
चौकी रम्भापुर में आयोजित जनजागरूकता बैठक में 10 गांवों के सरपंच, तड़वी, कोटवार सहित लगभग 300 महिला-पुरुष हुए शामिल।
गोवंश संरक्षण के लिए ग्रामीणों से किया संवाद, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील।
रिपोर्टर :- सलीम हुसैन
झाबुआ। जिले में गोवंश वध एवं पशु क्रूरता से संबंधित घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक झाबुआ देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल सिंह महोबिया के मार्गदर्शन में झाबुआ पुलिस द्वारा “ऑपरेशन गो-वंशम्” संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य गोवंश वध, पशु क्रूरता एवं अवैध तस्करी जैसी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना, दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करना तथा जनसहभागिता के माध्यम से गोवंश संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इसी क्रम में दिनांक 15 अक्टूबर को चौकी रम्भापुर, थाना मेघनगर में “ऑपरेशन गो-वंशम्” के अंतर्गत एक विशेष जनजागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक के लिए ग्राम गुजरपाड़ा, सजेली नानिया सात, सजेली मोगजी सात, जामनिया, छोटा घोसालिया, फुलेड़ी, डूंडका, बेडावली, रम्भापुर एवं मेघनगर के सरपंचों, तड़वी, कोटवार, वनरक्षक, पटवारी, पंचायत सचिवों एवं अन्य गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रही।
बैठक के दौरान उपस्थित ग्रामीणों एवं गणमान्य नागरिको को गोवंश संरक्षण के महत्व, पशुओं के प्रति संवेदनशीलता तथा गोवंश वध एवं पशु क्रूरता से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देकर जागरूक किया गया। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में आपसी समन्वय बनाए रखने और ऐसी घटनाओं की रोकथाम में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।
बैठक में एसडीएम मेघनगर, एसडीओपी थांदला, नायब तहसीलदार मेघनगर एवं थाना प्रभारी मेघनगर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा उपस्थित नागरिकों को समझाइश दी गई कि गोवंश वध, अवैध परिवहन, तस्करी अथवा अन्य किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी प्राप्त होने पर तत्काल थाना या नजदीकी पुलिस चौकी को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा सके। ग्रामीणों से यह भी अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें तथा कानून अपने हाथ में न लें।
झाबुआ पुलिस द्वारा “ऑपरेशन गो-वंशम्” के तहत पुलिस एवं प्रशासन के समन्वय से संवेदनशील क्षेत्रों में जनसंवाद, जागरूकता एवं निगरानी को प्रभावी बनाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से आमजन को गोवंश संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए ऐसी घटनाओं की रोकथाम में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
झाबुआ पुलिस की अपील है कि गोवंश संरक्षण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

