युद्ध की भेंट चढ़े पत्रकार: दक्षिण लेबनान में इजरायली हमले में अली शोएब और फातिमा फतौनी सहित 3 की जान गई
नई दिल्ली. दक्षिण लेबनान में इजरायल के एक हवाई हमले में शनिवार को तीन पत्रकार मारे गए. यह हमला उस वक्त हुआ जब ये पत्रकार इजरायल-हिजबुल्लाह युद्ध की कवरेज कर रहे थे.
हिजबुल्लाह के अल-मनार टीवी के वरिष्ठ संवाददाता अली शोएब दक्षिण लेबनान में करीब तीन दशकों से रिपोर्टिंग कर रहे थे. इजरायली सेना ने दावा किया कि अली शोएब हिजबुल्लाह के खुफिया ऑपरेटिव थे और इजराइली सैनिकों की लोकेशन उजागर कर रहे थे, हालांकि इसका कोई सबूत नहीं दिया गया. अल-मनार टीवी ने इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी लेकिन अपने संवाददाता को पेशेवर और विश्वसनीय रिपोर्टर बताया.
बेरूत स्थित अल-मयादीन टीवी की रिपोर्टर फातिमा फतौनी और उनके भाई मोहम्मद, जो वीडियो जर्नलिस्ट थे, इसी हमले में जेजीन जिले में मारे गए. हमले से ठीक पहले फातिमा लाइव रिपोर्ट दे रही थीं.
साभार आज तक

