सुगंधित फूलों से महका ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर: नर्मदा स्नान और 'हर-हर महादेव' के जयकारों से गूंजी शिवनगरी

  • Share on :

खंडवा। श्रावण मास के दूसरे सोमवार पर ज्योतिर्लिंग नगरी ओंकारेश्वर में आस्था, भक्ति और अध्यात्म का अद्भुत संगम देखने को मिला। भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग महादेव के मंदिर को गर्भगृह से लेकर पूरे परिसर तक सुगंधित फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। पूरी रात चले विशेष फूलों के शृंगार के बाद सोमवार सुबह मंदिर के पट खुले तो भगवान के अलौकिक और मनोहारी स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। भगवान ओंकारेश्वर के विशेष पुष्प शृंगार के लिए महेश्वर और उज्जैन से पंडितों के साथ फूलों की सजावट में दक्ष कारीगर भी पहुंचे थे। कई क्विंटल सुगंधित फूलों से गर्भगृह और मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। सुबह पट खुलते ही श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ के दिव्य स्वरूप के दर्शन किए।
श्रावण सोमवार के अवसर पर देशभर से हजारों श्रद्धालु ओंकारेश्वर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने भगवान ओंकारेश्वर और ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन से पहले मां नर्मदा में स्नान किया। नर्मदा घाटों से लेकर मंदिर परिसर तक दिनभर 'हर-हर महादेव', 'बोल बम' और 'नर्मदे हर' के जयघोष गूंजते रहे। इस बार बड़ी संख्या में श्रद्धालु विशेष रूप से भगवान के भव्य पुष्प शृंगार के दर्शन करने पहुंचे। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और दर्शन व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सामान्य, शुल्क और वीआईपी दर्शन की अलग-अलग व्यवस्था की गई। कांवड़ यात्रियों के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। खंडवा कलेक्टर ऋषभ गुप्ता और पुलिस अधीक्षक आगम जैन सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी पूरे नगर में व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। मंदिर और प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। इस बार दर्शन व्यवस्था में बदलाव करते हुए श्रद्धालुओं को सुखदेव मुनि द्वार से प्रवेश दिया जा रहा है, जबकि पहले प्रवेश के लिए उपयोग होने वाले चांदी गेट को निकासी मार्ग बनाया गया है। श्रद्धालुओं को भगवान के दर्शन लगभग 10 फीट की दूरी से कराए जा रहे हैं।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper