केजरीवाल की भविष्यवाणी, इंडिया गठबंधन को 300 से ज्यादा सीटें मिलेंगी

  • Share on :

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने देश के गृहमंत्री और उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ पर मंगलवार को जोरदार पलटवार किया। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक ने आरोप लगाया कि अमित शाह ने आम आदमी पार्टी के समर्थकों को पाकिस्तानी बताया। केजरीवाल ने एक बार फिर दावा किया कि योगी आदित्यनाथ को पीएम मोदी और अमित शाह मुख्यमंत्री पद से हटाने वाले हैं। 'आप' के मुखिया और इंडिया गठबंधन के अहम साझेदार ने यह भी दावा किया कि विपक्षी दलों को 300 से अधिक सीटों पर जीत मिलने जा रही है। 
अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि 4 जून को इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने दावा किया कि विपक्षी गठबंधन को 300 से ज्यादा सीटें मिलेंगी। केजरीवाल ने कहा, 'पांचवें चरण का चुनाव संपन्न हो गया है। जैसे जैसे चुनाव होते जा रहे हैं वैसे वैसे साफ होता जा रहा है कि चार जून को मोदी सरकार जा रही है और इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। कई लोगों ने सर्वे किए हैं और जो नतीजे आ रहे हैं उससे साफ है कि चार जून को इंडिया गठबंधन को अपने दम पर 300 से ज्यादा सीटें मिल रही हैं। इंडिया गठबंधन देश को साफ-सुधरी और स्थिर सरकार देने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।'
अरविंद केजरीवाल ने कहा- कल अमित शाह जी दिल्ली आए थे। उनकी सभा में 500 से भी कम लोग थे। वह जनता को गाली देने लगे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के समर्थक पाकिस्तानी हैं। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि क्या दिल्ली के लोग पाकिस्तानी है। क्या पंजाब के लोग पाकिस्तानी हैं, क्या गुजरात और गोवा के लोग पाकिस्तानी हैं? पंचायत के चुनाव में उत्तर प्रदेश, असम और कई राज्यों में हमारे पंच सरपंच चुने गए, क्या सभी पाकिस्तानी हैं। आपको पीएम मोदी ने अपना वारिस चुना है तो आपको इतना अहंकार हो गया कि आप लोगों को गालिया देने लगे। आप प्रधानमंत्री नहीं बन रहे हैं क्योंकि चार जून को इंडिया गठबंधन की सरकार बन रही है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper