खकनार पुलिस ने नांदुरा डैम के बैकवाटर से बरामद किए मृतक के शव के अवशेष

  • Share on :

महेन्द्र मालवीय रणजीत टाईम्स
बुरहानपुर। पुलिस प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, खकनार पुलिस टीम ने एक अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाते हुए हत्या के बाद छिपाए गए मृतक मालसिंह के शव के अवशेष बरामद कर लिए हैं। पुलिस से प्राप्त सूचना के मुताबिक, अधिकारियों के निर्देशन में चलाए गए गहन सर्च ऑपरेशन, फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और ड्रोन कैमरों की मदद से 7 अक्टूबर 2026 को नांदुरा डैम के बैकवाटर से यह अवशेष खोज निकाले गए। मामले में 4 आरोपियों, 2 विधि विरुद्ध बालकों और साक्ष्य छिपाने में मदद करने वाले 1 अन्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार घटना का विवरण:
पुलिस की प्राथमिक जांच रिपोर्ट के अनुसार, घटना 6 सितंबर 2026 की है, जब मालसिंह अपनी मोटरसाइकिल (MP68MH5327) लेकर निकला और वापस नहीं लौटा। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर खकनार पुलिस ने शुरुआती दौर में अपहरण (धारा 140(3) बीएनएस) का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस विवेचना के दौरान आरोपियों से पूछताछ में सामने आई जानकारी के अनुसार, आरोपी जगन, प्रताप, लालसिंह और 2 विधि विरुद्ध बालकों ने मिलकर मालसिंह की हत्या की योजना बनाई। योजना के तहत मालसिंह को शाम 6 बजे खेत के पास बने एक छोटे तालाब पर बुलाया गया, जहां आरोपियों ने डंडों, पत्थरों और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को उसकी ही मोटरसाइकिल और खेत में लगी ड्रिप पाइपों से बांधकर नांदुरा बड़े तालाब में फेंक दिया, ताकि शव तैरकर ऊपर न आ सके। पुलिस के अनुसार, शव को छिपाने में मदद करने वाले सह-आरोपी रडतिया को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस का सर्च ऑपरेशन
पुलिस प्रशासन ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अभिषेक जाधव व उनकी टीम द्वारा ग्राम आमगांव के जंगलों और संभावित स्थलों पर लगातार कॉम्बिंग की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा गुमराह करने के प्रयासों के बावजूद पुलिस की सक्रियता से 7 अक्टूबर को नांदुरा डैम के बैकवाटर से अवशेष बरामद किए गए।
पुलिस विभाग द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, बरामद अवशेषों का नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा पहचान की पुष्टि के लिए डीएनए  परीक्षण हेतु सैंपल भेजे जाएंगे। मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा रही है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper