खंडवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश
मध्यप्रदेश-महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों से चोरी की गई 61 मोटरसाइकिलें बरामद, कीमत करीब 30 लाख रुपये
सवादता -पुनीत सेन
खंडवा। जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और चोरी गए वाहनों की बरामदगी के लिए खंडवा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 61 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक खंडवा अगम जैन के निर्देश पर वाहन चोरी की घटनाओं में आरोपियों की पतासाजी और चोरी गए वाहनों की अधिक से अधिक बरामदगी के लिए जिले के थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) महेंद्र तारनेकर एवं नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव बारंगे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली प्रवीण आर्य के नेतृत्व में थाना कोतवाली एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।
तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
गठित टीम ने वाहन चोरी की विभिन्न घटनाओं का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज का भी सहारा लिया गया। अलग-अलग घटनाओं में एक ही गिरोह के शामिल होने से संबंधित महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने के बाद पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की निगरानी शुरू की तथा अलग-अलग मैदानी एवं तकनीकी टीमों का गठन कर चेकिंग अभियान चलाया।
वाहन चेकिंग में दो संदिग्ध पकड़े
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम विशाल, पिता राजेंद्र राठौर, निवासी अमनखेड़ी रोड, भीकनगांव, जिला खरगोन तथा बबलू, पिता सरदारिया बारेला, निवासी ग्राम धनौरी, थाना सेंधवा, जिला बड़वानी बताए।
पुलिस के अनुसार पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों से सघन पूछताछ की गई, जिसमें एक शातिर वाहन चोर गिरोह का खुलासा हुआ। आरोपियों की निशानदेही पर खंडवा पुलिस ने मध्यप्रदेश एवं महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों से चोरी की गई कुल 61 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिलों की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई है।
पुलिस द्वारा आरोपियों से वाहन चोरी से जुड़ी अन्य घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की वारदातों से जुड़े तथ्यों की जांच जारी है।

