खनियांधाना की बेटी ने किया कमाल, MP की टॉप-10 में 9वां स्थान; पिछोर में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह में मिला गोल्ड मेडल

  • Share on :

अतुल जैन 
खनियांधाना। छत्रसाल स्टेडियम पिछोर में रविवार को ‘मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा प्रतिभा सम्मान समारोह-2026’ आयोजित किया गया। पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य समारोह में क्षेत्र के हजारों मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री भैया साहब लोधी रहे। वहीं केंद्रीय मंत्री श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

(खनियांधाना की बेटी स्मृति पांडे बनीं समारोह का आकर्षण)
समारोह का मुख्य आकर्षण खनियांधाना की मेधावी बेटी स्मृति पांडे रहीं, जिन्होंने कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में मध्यप्रदेश की टॉप-10 सूची में 9वां स्थान हासिल कर खनियांधाना और पूरे शिवपुरी जिले का नाम रोशन किया। स्मृति पांडे को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए मंच से स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) प्रदान कर सम्मानित किया गया। उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सनराइज एजुकेशन एकेडमी खनियांधाना के शिक्षक सतीश रजक तथा उनके माता-पिता को भी स्वर्ण पदक पहनाकर सम्मानित किया गया इसी अवसर पर सनराइज स्कूल खनियांधाना को शिक्षा प्रोत्साहन के लिए राज्य मद निधि से 25 लाख रुपये की राशि का चेक प्रदान किया गया। यह सम्मान न केवल स्मृति की उपलब्धि को रेखांकित करता है, बल्कि उनके परिवार और शिक्षकों के योगदान को भी सम्मान देने वाला रहा।

वाक्स 
(अंजलि गुप्ता को भी मिला स्वर्ण पदक)

समारोह में शिवपुरी जिले में टॉप करने वाली पिछोर की छात्रा अंजलि गुप्ता को भी उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। अंजलि के साथ उनके माता-पिता को भी स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

(300 विद्यार्थियों को रजत, 4000 को कांस्य पदक)
प्रतिभा सम्मान समारोह में पिछोर विधानसभा क्षेत्र के कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले करीब 300 छात्र-छात्राओं को रजत पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया वहीं शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ए-ग्रेड से उत्तीर्ण करीब 4000 छात्र-छात्राओं को कांस्य पदक एवं सम्मान पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

(प्रतिभाओं के साथ शिक्षकों और अभिभावकों का भी सम्मान)
समारोह का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों की उपलब्धियों का सम्मान करना ही नहीं, बल्कि उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले माता-पिता और शिक्षकों के योगदान को भी सम्मान देना रहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने क्षेत्र एवं जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया गया। पिछोर के छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित यह भव्य समारोह क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के लिए उत्साह और प्रेरणा का बड़ा अवसर बना। हजारों प्रतिभाओं का सम्मान कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper