विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर खुशहाली सेवा संस्थान द्वारा मानसिक स्वास्थ्य गतिविधि का आयोजन
इंदौर। विश्व कैंसर दिवस (4 फरवरी) के अवसर पर खुशहाली सेवा संस्थान द्वारा इंदौर कैंसर फाउंडेशन, राऊ में कैंसर पीड़ितों के मानसिक स्वास्थ्य एवं भावनात्मक सशक्तिकरण हेतु विशेष मेंटल वेलनेस एक्टिविटी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कैंसर पीड़ितों को मानसिक शांति, सकारात्मकता एवं भावनात्मक संबल प्रदान करना रहा।
संस्था अध्यक्ष डॉ. श्वेता चौधरी द्वारा सभी पीड़ितों के साथ TFT (Thought Field Therapy) करवाई गई, जिससे मरीजों को तनावमुक्त एवं मानसिक रूप से सहज अनुभव हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत संस्था की प्रोजेक्ट असिस्टेंट ऋषिका कटरा द्वारा संस्था का संक्षिप्त परिचय देते हुए की गई।
इस अवसर पर संस्था की युवा टीम लीडर अनिष्का चावड़ा ने सभी पीड़ितों को जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का संदेश देते हुए प्रेरणादायक कार्ड्स वितरित किए। वहीं संस्था की कोषाध्यक्ष समेता गौर, वरिष्ठ सदस्य संगीता मोरे, वेदवती महिला सेवा संस्थान की अध्यक्ष कुसुम शर्मा एवं शर्मिष्ठा शर्मा द्वारा मरीजों के लिए 10 तकिए, बेडशीट एवं तकिए के कवर वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान इंदौर कैंसर फाउंडेशन की कॉर्डिनेटर डॉ. संजना तोरानी एवं सेंटर हेड देवाशीष पवार मेडिकल सोशल वर्कर प्राची सिंह परिहार ने खुशहाली सेवा संस्थान द्वारा की गई मानसिक स्वास्थ्य गतिविधि की सराहना करते हुए संस्था का आभार व्यक्त किया एवं ऐसे संवेदनशील प्रयासों को मरीजों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
खुशहाली सेवा संस्थान द्वारा इस अवसर पर यह संदेश दिया गया कि कैंसर के इलाज के साथ-साथ मानसिक एवं भावनात्मक देखभाल भी अत्यंत आवश्यक है और समाज की सहभागिता से पीड़ितों को नई आशा व ऊर्जा मिलती है।

