किंग का 'विराट' साम्राज्य: कोहली के IPL में 9000 रन पूरे, आरसीबी ने दिल्ली कैपिटल्स को 9 विकेट से दी करारी शिकस्त।

  • Share on :

नई दिल्ली। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने दिल्ली कैपिटल्स को महज 39 गेंदों में नौ विकेट से हरा दिया। सोमवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए आईपीएल मुकाबले में दिल्ली की टीम 16.3 ओवरों में सिर्फ 75 रन ही बना सकी। जवाब में आरसीबी ने 6.3 ओवर में एक विकेट खोकर 77 रन बनाए और मुकाबला जीत लिया। इस दौरान विराट कोहली ने आईपीएल में नौ हजार रन भी पूरे कर लिए। 
दिल्ली कैपिटल्स को मैच की दूसरी गेंद पर साहिल परख के रूप में पहला झटका लगा। साहिल अपने आईपीएल करियर के पहले मैच में खाता तक नहीं खोल सके। इसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया। आलम ये रहा कि मेजबान टीम ने महज आठ के स्कोर तक छह विकेट खो दिए थे। इसके बाद डेविड मिलर ने अभिषेक पोरेल के साथ सातवें विकेट के लिए 31 गेंदों में 35 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की। इस बीच धूलभरी आंधी शुरू हो गई और कुछ मिनटों के लिए मैच रोकना पड़ा। हालांकि, सभी खिलाड़ी मैदान पर ही डटे रहे।
कुछ देर बाद मुकाबला फिर से शुरू हुआ। नौवें ओवर की अंतिम गेंद पर मिलर आउट हो गए। उन्होंने 18 गेंदों में तीन चौकों के साथ 19 रन की पारी खेली, जिसके बाद अभिषेक ने मोर्चा संभालते हुए 33 गेंदों में 30 रन जुटाए। उनके अलावा, काइल जैमीसन ने 12 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। आरसीबी की तरफ से जोश हेजलवुड ने 12 रन देकर चार विकेट हासिल किए, जबकि भुवनेश्वर कुमार ने तीन विकेट निकाले। रासिख सलाम डार, सुयश शर्मा और क्रुणाल पांड्या ने एक-एक विकेट हासिल किया।  
आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी ने महज 6.3 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। जैकब बेथेल ने विराट कोहली के साथ 2.5 ओवरों में 26 रन की साझेदारी की। बेथेल 11 गेंदों में 2 छक्कों और 1 चौके के साथ 20 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद देवदत्त पड्डिकल ने कोहली के साथ 22 गेंदों में 51 रन की अटूट साझेदारी करते हुए आरसीबी की टीम को आसान जीत दिलाई। कोहली 15 गेंदों में दो छक्कों और एक चौके के साथ 23 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि पड्डिकल ने 13 गेंदों में तीन छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 34 रन की नाबाद पारी खेली। दिल्ली की तरफ से एकमात्र सफलता काइल जैमीसन के हाथ लगी।
इस मुकाबले में किंग कोहली ने इतिहास रच दिया। उन्होंने इस टूर्नामेंट में नौ हजार रन पूरे कर लिए। विराट आईपीएल में नौ हजार रन बनाने वाले इकलौते बल्लेबाज बन गए। उनके नाम 275 मैचों में आठ शतक और 66 अर्धशतकों के साथ 9012 रन दर्ज हो गए। इसके अलावा कोहली आईपीएल में दिल्ली के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 1172 रन दर्ज हैं। किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी विराट के ही नाम है। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ 1174 रन बनाए। इस मामले में तीसरे स्थान पर रोहित शर्मा हैं, जिन्होंने केकेआर के खिलाफ 1161 रन बनाए।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper