महू में किसान कांग्रेस का प्रदर्शन- गेहूं 3000 रुपए प्रति क्विंटल खरीदने की मांग, डोंगरगांव मंडी का घेराव

  • Share on :

रिपोर्टर..... जितेन्द्र वर्मा 
महू। इंदौर-महू मार्ग पर स्थित डोंगरगांव कृषि उपज मंडी में सोमवार को किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। किसान कांग्रेस के बैनर तले बड़ी संख्या में जुटे किसानों ने मंडी का घेराव किया और गेहूं के उचित दाम न मिलने को लेकर जमकर नारेबाजी की। इस प्रदर्शन की कमान जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष जीतू ठाकुर ने संभाली।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता जुगनू जादवसिंह धनावत ने बताया कि मंडी में किसानों को उनके गेहूं की सही कीमत नहीं मिल रही है। फिलहाल गेहूं 1800 से 2200 रुपए प्रति क्विंटल के भाव बिक रहा है, जिससे किसानों की लागत भी नहीं निकल पा रही है। नाराज किसानों ने मांग उठाई है कि गेहूं का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 3000 रुपए प्रति क्विंटल किया जाए।

मंडी में सुविधाओं का अभाव
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने मंडी की बदहाली पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि इतनी बड़ी मंडी होने के बावजूद यहां किसानों के लिए पीने के साफ पानी और भरपेट भोजन जैसी बुनियादी सुविधाएं तक नहीं हैं। चिलचिलाती धूप में अपनी उपज लेकर आने वाले किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

तहसीलदार को सुनाई अपनी पीड़ा
किसानों ने मंडी सचिव और तहसीलदार के सामने अपनी समस्याओं की लंबी लिस्ट रखी। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही गेहूं के भाव नहीं बढ़ाए गए और मंडी की व्यवस्थाएं नहीं सुधारी गईं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल प्रशासन ने किसानों की मांगों को सुनकर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper