केकेआर का ईडन गार्डन्स में 'विराट' प्रहार: गुजरात टाइटंस को 29 रनों से रौंदा

  • Share on :

कोलकाता। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने गुजरात टाइटंस को 29 रनों से हरा दिया। शनिवार को ईडन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर ने फिन एलन, अंगकृष रघुवंसी और कैमरन ग्रीन की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में दो विकेट पर 247 रन बनाए। जवाब में गुजरात की टीम चार विकेट पर 218 रन ही बना सकी। इस दौरान शुभमन गिल, जोस बटलर और साई सुदर्शन ने अर्धशतक जड़े। वहीं, केकेआर के लिए सुनील नरेन ने दो विकेट लिए जबकि सौरभ और ग्रीन को एक-एक मिला।
इसी के साथ गुजरात की लगातार पांच मैचों में जीत का सिलसिला भी टूट गया। फिलहाल टीम तालिका में 16 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। वहीं, केकेआर एक स्थान की छलांग लगाकर सातवें पायदान पर पहुंच गई है। इस जीत के साथ केकेआर ने प्लेऑफ की तरफ मजबूती से कदम बढ़ाए हैं। अब टीम की नजर अपने अगले दोनों मुकाबले जीतने पर होगी।  
विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात को साईं सुदर्शन और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों के बीच 3 ओवरों में 42 रन की साझेदारी हो चुकी थी। तीसरे ओवर की अंतिम गेंद पर कार्तिक त्यागी की गेंद सुदर्शन की बाएं कोहनी पर लगी। उस समय तक सुदर्शन 13 गेंदों में 23 रन बना चुके थे। सुदर्शन को रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौटना पड़ा। सुदर्शन के स्थान पर निशांत संधु (1) मैदान पर आए, लेकिन एक ओवर बाद उनका विकेट भी गिर गया। यहां से कप्तान शुभमन गिल ने मोर्चा संभाला, जिन्होंने जोस बटलर के साथ 73 गेंदों में 128 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
गिल 49 गेंदों में सात छक्कों और पांच चौकों के साथ 85 रन बनाकर पवेलियन लौटे। 17वें ओवर के बीच सुदर्शन फिर से मैदान पर लौटे। उन्होंने जोस बटलर के साथ 15 गेंदों में 30 रन जुटाए। बटलर 35 गेंदों में दो छक्कों और पांच चौकों के साथ 57 रन बनाकर आउट हुए। साईं सुदर्शन अंत तक क्रीज पर टिके रहे, जबकि सुदर्शन 28 गेंदों में तीन छक्कों और छह चौकों के साथ 53 रन बनाकर नाबाद रहे, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
इससे पहले, केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने फिन एलन के साथ पहले विकेट के लिए 4.3 ओवरों में 44 रन की साझेदारी की। रहाणे 14 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद एलन ने अंगकृष रघुवंशी के साथ दूसरे विकेट के लिए 41 गेंदों में 95 रन जोड़े। फिन एलन 35 गेंदों में 10 छक्कों और चार चौकों के साथ 93 रन की पारी खेलकर आउट हुए। यहां से रघुवंशी ने कैमरन ग्रीन के साथ तीसरे विकेट के लिए 52 गेंदों में 108 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को 247/2 के स्कोर तक पहुंचाया। रघुवंशी 44 गेंदों में सात छक्कों और चार चौकों के साथ 82 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि कैमरून ग्रीन ने 28 गेंदों में चार छक्कों और तीन चौकों के साथ 52 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से मोहम्मद सिराज और साईं किशोर ने एक-एक सफलता हासिल की।
साभार अमर उजाला 

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper