कोहली-पडिक्कल की तूफानी पारियां, आरसीबी ने 206 का लक्ष्य चेज कर रचा इतिहास
बंगलूरू। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हरा दिया। शुक्रवार को चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात ने साई सुदर्शन की शतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में तीन विकेट पर 205 रन बनाए। जवाब में आरसीबी ने 18.5 ओवर में पांच विकेट पर 206 रन बनाए। उनके लिए विराट कोहली ने 81 और देवदत्त पडिक्कल 55 रनों की पारियां खेलीं। वहीं, गुजरात के लिए राशिद खान ने दो विकेट लिए जबकि मोहम्मद सिराज, जेसन होल्डर और मानव सुथार ने एक-एक सफलता हासिल की।
इस मैदान पर मौजूदा सत्र की यह आरसीबी की चौथी जीत है। इससे पहले टीम को दिल्ली कैपिटल्स ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में हराया था। इसके अलावा आईपीएल इतिहास की यह आरसीबी की इस मैदान पर 50वीं जीत है। वहीं, आरसीबी ने आईपीएल में पांचवीं बार 200+ रनों का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया। इस मामले में टीम ने राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद की बराबरी कर ली। दोनों ही टीमें पांच-पांच बार आईपीएल में 200+ का लक्ष्य सफलतापूर्क चेज कर चुकी हैं।
206 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। जैकब बेथेल 10 गेंदों में 14 रन बनाने के बाद मोहम्मद सिराज का शिकार बने। हालांकि, इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने मोर्चा संभाला और दूसरे विकेट के लिए 59 गेंदों में 115 रनों की साझेदारी निभाई। पडिक्कल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए महज 27 गेंदों पर 55 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने दो चौके और छह छक्के लगाए।
वहीं, कोहली ने 44 गेंदों का सामना करते हुए आठ चौके और चार छक्कों की मदद से 81 रन बनाए। कप्तान रजत पाटीदार बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और सिर्फ आठ रन बनाकर मानव सुथार का शिकार बने। जितेश शर्मा 10 रन बनाने के बाद राशिद खान की गेंद पर मानव के हाथों में कैच देकर पवेलियन लौटे। हालांकि, इसके बाद टिम डेविड और क्रुणाल पांड्या की जोड़ी ने आरसीबी को कोई और झटका नहीं लगने दिया। डेविड 10 रन बनाकर नाबाद रहे, तो क्रुणाल ने 12 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 23 रन बनाए। गेंदबाजी में गुजरात टाइटंस की ओर से राशिद खान ने सर्वाधिक दो विकेट निकाले, जबकि जेसन होल्डर और मानव सुथार को एक-एक विकेट मिला।
इससे पहले, गुजरात ने आरसीबी के खिलाफ आईपीएल में अब तक का अपना सबसे बड़ा स्कोर बनाया था। साल 2024 में गुजरात ने आरसीबी के खिलाफ तीन विकेट गंवाकर 200 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए थे, जो टीम का अब तक का सर्वाधिक स्कोर था। जीटी को कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने बेहतरीन शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए सिर्फ 12.4 ओवर में 128 रनों की साझेदारी निभाई। यह जीटी की तरफ से आरसीबी के खिलाफ किसी भी विकेट के लिए की गई सबसे बड़ी साझेदारी भी है।
शुभमन गिल ने 24 गेंदों में 32 रनों का योगदान दिया। वहीं, साई सुदर्शन ने अपने आईपीएल करियर का तीसरा शतक लगाया। उन्होंने 58 गेंदों का सामना करते हुए 100 रनों की शानदार पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 11 चौके और पांच गगनचुंबी छक्के लगाए। अपनी इस पारी के दौरान सुदर्शन आईपीएल में सबसे तेज दो हजार रन पूरे करने वाले बल्लेबाज भी बने। उन्होंने यह मुकाम महज 47वीं पारी में हासिल किया। वह शुभमन गिल के बाद आईपीएल में दो हजार रन पूरे करने वाले गुजरात टाइटंस की ओर से दूसरे बल्लेबाज भी बने।
नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे जोस बटलर ने 16 गेंदों का सामना करते हुए 25 रन बनाए। वहीं, वॉशिंगटन सुंदर 12 गेंदों में 19 रन बनाकर नाबाद रहे। अंत के ओवरों में गुजरात टाइटंस की ओर से इस सीजन पहला मैच खेल रहे जेसन होल्डर ने सिर्फ 10 गेंदों का सामना करते हुए 23 रनों की दमदार पारी खेली। गेंदबाजी में आरसीबी की तरफ से भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा और जोश हेजलवुड ने एक-एक विकेट चटकाया।
साभार अमर उजाला

