निर्णायक मैच से पहले महाकाल की शरण में कोहली: इंदौर वनडे में 'विराट' पारी की तैयारी

  • Share on :

उज्जैन। विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ निर्णायक वनडे से पहले उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की। कोहली की हालिया फॉर्म उन्हें ICC रैंकिंग में नंबर-1 पर ले आई है। दूसरे मैच में नाकाम रहने के बाद अब इंदौर में उनसे एक और बड़ी पारी की उम्मीद है।
भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे और निर्णायक वनडे से पहले उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन किए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कोहली को पुजारियों के साथ चलते और  'जय श्री महाकाल' बोलते हुए देखा गया। उनकी यह आध्यात्मिक यात्रा इसलिए चर्चा में आ गई क्योंकि सीरीज 1-1 से बराबर है और तीसरा मैच 18 जनवरी को इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जाना है।
सीरीज में शानदार फॉर्म
कोहली पिछले कुछ समय से बेहतरीन फॉर्म में हैं। वडोदरा में खेले गए पहले वनडे में उन्होंने 93 रनों की मैच-विनिंग पारी खेलकर टीम को बढ़त दिलाई। हालांकि, दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड ने सात विकेट से जीतकर सीरीज बराबर कर दी, जिससे तीसरे मैच का रोमांच बढ़ गया। ऐसे में कोहली का उज्जैन पहुंचना फैंस के बीच एक दिलचस्प विषय बन गया।
आईसीसी रैंकिंग में फिर नंबर-एक
लगातार रन बनाते हुए कोहली ने कई रिकॉर्ड्स फिर से जीवंत कर दिए हैं। न्यूजीलैंड सीरीज में शानदार शुरुआत के बाद वह आईसीसी पुरुष वनडे बैटिंग रैंकिंग में जुलाई 2021 के बाद पहली बार नंबर-एक पर लौट आए। यह 11वीं बार है जब कोहली शीर्ष पर पहुंचे हैं। पिछले छह मैचों में उनका प्रदर्शन अद्भुत रहा है। उनके हालिया स्कोर- 23, 93, 135, 102, 65* और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 74* रन हैं।
पिछले 6 मैचों में कुल रन: 492
औसत: 123
स्ट्राइक रेट: 107.18
2 शतक और 3 अर्धशतक
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper