शेरगढ़ गांव में 8 महिलाओं से लाखों की ठगी : विशवास जीतकर अज्ञात महिला साफ करने के बहाने ले भागी 10 लाख के जेवरात
ब्यूरो रिपोर्ट ऋषि गोस्वामी शिवपुरी
शिवपुरी जिले के नरवर थाना क्षेत्र के ग्राम शेरगढ़ में एक अज्ञात महिला द्वारा ग्रामीण महिलाओं को आभूषण साफ करने के बहाने ठग लिए जाने का मामला सामने आया है। ठगी की शिकार महिलाओं ने थाना नरवर पहुंचकर पुलिस को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित महिलाओं के अनुसार, 8 मार्च शनिवार को दोपहर के समय गांव में एक अज्ञात महिला आई। उसने ग्रामीण महिलाओं से कहा कि वह उनके आभूषणों को साफ कर चमका देगी। इससे पहले भी वह महिला गांव में आई थी और बर्तन साफ करके दे गई थी, जिससे ग्रामीणों को उस पर भरोसा हो गया।
सिद्धोबाई गुर्जर और कोमेश गुर्जर ने बताया कि इससे पहले एक दिन महिला गांव में आई थी, जो फूटे बर्तन ले गई थी और दोपहर बाद बदलकर नए बर्तन दे गई थी। उसके अगले दिन उसने चांदी के जेवरात लिए और दोपहर बाद उन्हें साफ करके लौटा दिया। कुछ महिलाओं को उसने पुरानी चांदी के बदले नए चांदी के आभूषण भी दिए। इस तरह महिला ने पहले से ही ग्रामीणों का विश्वास जीत लिया था।
इसके बाद शनिवार को वह महिला फिर आई और सभी महिलाओं से सोने के जेवरात सफाई कर चमकाने के नाम पर ले गई। लेकिन इस बार वह वापस नहीं लौटी। घटना के दौरान कान के बाले, मंगलसूत्र, पायल और अन्य सोने-चांदी के आभूषण ठग लिए गए। अज्ञात महिला की उम्र करीब 35 वर्ष, रंग सांवला, कद सामान्य (लगभग 5 फीट), पतला शरीर बताया जा रहा है। ग्रामीण महिलाओं ने उसका दो दिन तक इंतजार किया, लेकिन जब वह नहीं आई, तो सभी महिलाएं एकजुट होकर थाना नरवर पहुंचीं और शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने पुलिस से मांग की कि जल्द से जल्द महिला को पकड़ा जाए और उनके सोने के जेवरात वापस दिलाए जाएं।
ब्यूरो रिपोर्ट ऋषि गोस्वामी शिवपुरी