ग्राम पंचायत हिनोतिया में ‘मेरी पॉलिसी मेरे हाथ’ कार्यक्रम का शुभारंभ
धर्मेन्द्र गुप्ता की रिपोर्ट
विदिशा। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत आज विदिशा जिले की ग्राम पंचायत हिनोतिया में ‘मेरी पॉलिसी मेरे हाथ’ कार्यक्रम का शुभारंभ केक काटकर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा किसानों को फसल बीमा पॉलिसियों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को फसल बीमा योजना के प्रति जागरूक करना तथा प्राकृतिक आपदाओं एवं अन्य अधिसूचित जोखिमों से फसलों को होने वाले नुकसान की स्थिति में योजना के माध्यम से मिलने वाली आर्थिक सुरक्षा के बारे में जानकारी देना रहा। किसानों को फसल बीमा के महत्व, इसके लाभ एवं कृषि जोखिमों से सुरक्षा के संबंध में भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान कृषि विस्तार अधिकारी (AEO) ज्योति त्रिपाठी द्वारा किसानों को नरवाई प्रबंधन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। उन्होंने किसानों को फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन तथा नरवाई जलाने से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करते हुए पर्यावरण संरक्षण और मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के लिए उचित कृषि पद्धतियों को अपनाने की जानकारी दी।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान बदन सिंह रघुवंशी, कृषि विस्तार अधिकारी ज्योति त्रिपाठी एवं SBIG टीम उपस्थित रही। कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ लेने तथा आधुनिक एवं पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

